शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: छुट्टा गोवंशीय पशु और बिजली के मुद्दे उठाए

Connect News 24

Raised issues of stray cattle and electricity

दिशा की बैठक में शामिल, सांसद अरुण कुमार और वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना। प्रशासन

सांसद की अध्यक्षता में हुई दिशा की बैठक

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। विकास भवन स्थित सभागार में शनिवार को सांसद अरुण कुमार सागर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों ने छुट्टा गोवंशीय पशुओं, बिजली, जर्जर सड़क आदि के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

सांसद ने कहा कि जनसमस्याओं का बेहतर निस्तारण किया जाए, जिससे पात्रों को लाभांवित किया जा सके। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। सीडीओ एसबी सिंह ने 11 से 30 सितंबर आयोजित होने वाली अमृत कलश के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने बेसहारा गोवंशीय पशुओं के संरक्षण का मुद्दा उठाया।

सिमरा वीरान में स्थापित वृहद गो संरक्षण केंद्र में गो सदन, गो अनुसंधान केंद्र, गोकुल वन के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि 58 गो संरक्षण केंद्र बनकर तैयार हैं। 26 निर्माणाधीन हैं और नौ जल्द शुरू हो जाएंगे। वित्त एवं संसदीय कार्य सुरेश कुमार खन्ना ने गो सरंक्षण को लेकर कार्ययोजना बनाकर 16 सितंबर को बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के अंतर्गत डाली गईं पाइपलाइन के बाद सड़कों को पुरानी स्थिति में लाने के लिए गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय में 2678 के सापेक्ष 2276 को आवास उपलब्ध कराने पर मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभांवित किया जाए।

महापौर अर्चना वर्मा ने बिजली कटौती, स्वास्थ्य विभाग में महिला चिकित्सकों की कम संख्या और बाल रोग विशेषज्ञों की कमी का मुद्दा उठाया। इस दौरान राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी वर्मा, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, सीएमओ डॉ. आरके गौतम, पीडी डीआरडीए अवधेश राम आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button