Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत
तिलहर के बंधीचक गांव में शुक्रवार शाम को कमरे में मृत मिला बबलेश
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। थाना क्षेत्र के गांव बंधीचक में एक ग्रामीण की शुक्रवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण की मां ने आत्महत्या किए जाने की बात कहकर कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर बगैर पोस्टमार्टम कराए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गांव बंधीचक निवासी 40 वर्षीय बबलेश यादव शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे तिलहर बाजार से घर पहुंचा। पत्नी सरोज ने बताया कि वह शराब पीकर घर आया था। उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा कि बबलेश मृत हालत में था। मां वृंदा ने बेटे की मौत फंदे से लटककर होना बताई।
परिजनों ने बताया कि बबलेश की पहली पत्नी गुड्डी की लगभग 20 वर्ष पहले मौत हो गई थी। पत्नी की हत्या के आरोप में बबलेश ढाई साल जेल में रहा था। बाद में उसने कांट क्षेत्र की रहने वाली सरोज से शादी कर ली। बबलेश अपनी मां वृंदा, पत्नी सरोज और चार बच्चों के साथ रह रहा था।
सीओ प्रयांक जैन ने बताया कि परिजनों ने बबलेश के आत्महत्या किए जाने की बात कही है। उन्होंने कार्रवाई से इन्कार किया, जिसकी वजह से शव परिवार को सौंप दिया गया।