Pilibhit News: तीन दिन की बारिश से फिर उफनाई शारदा, तटवर्ती तीन गांवों में घुसा पानी

शारदा उफनाने से गांव चंदिया हजारा में हुआ जलभराव । स्त्रोत – बाढ़ पीड़ित
पूरनपुर। बनबसा बैराज से रविवार शाम 1.40 लाख क्यूसेक पानी पास होने से शारदा नदी एक बार फिर उफना गई है। तटवर्ती गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर और कॉलोनी नंबर छह के करीब 1800 परिवार बाढ़ से घिर गए हैं। इन गावों में तीन से चार फुट तक पानी भर गया है। सोमवार सुबह आठ बजे फिर 1.30 लाख क्यूसेक पानी शारदा नदी में पास हुआ।
चार साल पहले शारदा नदी रुख बदलकर गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर के समीप बहने लगी थी। चार साल तक नदी ने गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर के आसपास जमकर कहर बरपाया। 28 अगस्त को नदी ने फिर रुख बदला और गांव चंदिया हजारा से करीब एक किलोमीटर दूर चली गई। हालांकि गांव चंदिया हजारा के समीप नदी से निकला एक नाला बहता रहा। नदी के गांव से दूर जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इधर, तीन दिन से हो रही बारिश से शारदा नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है। रविवार रात करीब 10 बजे बनबसा बैराज से पास हुआ 1.40 लाख क्यूसेक इलाके में पहुंचा तो फिर बाढ़ के हालात पैदा हो गए। तड़के करीब साढ़े तीन बजे गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर और कॉलोनी नंबर छह में पानी पहुंचना शुरू हो गया। सुबह आठ बजे तक चंदिया हजारा के 1500 घर, गांव राहुलनगर और कॉलोनी नंबर छह के डेढ़ सौ घरों में तीन फुट तक पानी भर गया।
बाढ़ में घिरने से लोगों में खलबली मची रही। लोगों को उम्मीद थी कि सोमवार १० बजे के बाद पानी कम होने लगेगा, लेकिन सोमवार सुबह करीब आठ बजे नदी में 1.30 लाख क्यूसेक पानी और पास हो गया। इससे गांवों में हालात और ज्यादा खराब हो गए। लोग घरों से कीमती सामान ऊंचे स्थानों पर ले जाने में जुटे रहे। तहसीलदार हबीब उर रहमान अंसारी ने बताया कि गांवों में अभी बाढ़ के हालात नहीं है। बाढ़ और कटान से हुए नुकसान के आकलन के लिए कर्मचारियों की टीम लगाई गई है।
००००००
चंदिया हजारा की सड़कों पर चल रही नाव
गांव चंदिया हजारा के 75 प्रतिशत आबादी क्षेत्र में पानी भरने से लोगोंं को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। गांव की सड़कों पर लोग नाव से आवागमन कर रहे हैं। नदी किनारे बसे गांव में बरसात में अक्सर बाढ़ आने पर गांव के लोग नाव से ही आवागमन करते हैं। गांव में कई लोगों के पास अपनी नाव हैं।

शारदा उफनाने से गांव चंदिया हजारा में हुआ जलभराव । स्त्रोत – बाढ़ पीड़ित

