Shahjahanpur News: 26 घंटे बाद दर्ज हो सकी फायरिंग, मारपीट, हत्या के प्रयास की रिपोर्ट
पुवायां। गांव मदनापुर सकरापुर में नाली के विवाद में मारपीट, पथराव और फायरिंग में एक व्यक्ति के घायल होने की रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस ने 26 घंटे लगा दिए। घटना के बाद से तहरीरें थाने में पड़ी रहीं।
मदनापुर सकरापुर में 12 सितंबर की शाम छह बजे नाली के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हो गई थी। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच की थी। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया था। दोनों ओर से पुलिस को तहरीरें दी गईं थीं। तहरीरें थाने के कार्यालय में पड़ी रहीं। 13 सितंबर की रात साढ़े आठ बजे दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की जा सकी।
एक ओर से जाकिर खां की पत्नी अरबीना ने नसीर, जीशान खां, इकराम खां के खिलाफ पानी के निकास को लेकर पीटकर घायल करने और फायरिंग में भाई नूर मोहम्मद के गोली से घायल होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष से नसीर की पत्नी सबाना बेगम ने जाबिर खां, जाकिर खां, चंदू खां, नूर मोहम्मद के खिलाफ घर में घुसकर पीटकर घायल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि बचाने आई ननद नाजरीन, सास अनुक्का, पति नसीर खां को भी पीटकर घायल कर दिया गया।
तहरीर में देरी की जानकारी मिली है, इस कारण रिपोर्ट देर से दर्ज हो सकी। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। जानकारी में आया है कि दोनों पक्ष राजीनामा करने के लिए घूम रहे हैं। – पंकज पंत, सीओ पुवायां