Rampur News: रेत भरी मिनी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से स्कूल वैन सवार छात्र समेत चालक व आया घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 16 Sep 2023 01:48 AM IST
बहजोई। रेत भरी मिनी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से स्कूल वैन सवार छात्र समेत चालक व आया घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मौका देखकर चालक फरार हो गया।
शुक्रवार को डेढ़ बजे करीब चंदौसी स्थित एएम वर्ल्ड स्कूल की वैन चंदौसी ओर से बहजोई आ रही थी। तभी मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई-चंदौसी के बीच गांव बमनेटा के निकट दूसरी लेन से आ रही रेत भरी मिनी ट्रैक्टर-ट्राली ने सड़क का कट पार करते समय स्कूल वैन में टक्कर मार दी। इससे स्कूल वैन सवार पांच वर्षीय छात्र अंशू यादव पुत्र दिनेश यादव निवासी बहजोई समेत चालक अरविंद पुत्र रमेश निवासी गांव आटा थाना चंदौसी समेत आया कामिनी पत्नी रूपकिशोर निवासी चंदौसी घायल हो गए। घायलों में चालक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घायल छात्र व आया का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। चालक का कहना था कि वह छात्र को बहजोई छोड़ने आ रहा था कि तभी हाईवे की दूसरी लेन की सड़क का कट पार करके आ रही रेत भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने वैन में टक्कर मार दी और हादसा हो गया। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि घायलों का उपचार कराया गया है। हादसे की जांच कराई जा रही है। रही बात रेत भरी ट्रैक्टर-ट्राली की, तो इसको लेकर भी जांच कराई जाएगी।