Pilibhit News: मेटाडोर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत, साथी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 16 Sep 2023 12:39 AM IST

मृतक इंद्रदेव का फाइल फोटो । स्त्रोत – परिजन
बीसलपुर। बरेली रोड पर गांव मोहम्मदपुर भजा के पास बृहस्पतिवार देर रात मैटाडोर की चपेट में आकर बाइक सवार गांव अखौला निवासी इंद्रदेव (25) की मौत हो गई। उनका साथी गांव का ही अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अखौला निवासी कमलेश पाठक ने बताया कि उनका छोटा भाई इंद्रदेव बृहस्पतिवार रात 10:30 बजे बाइक से बरेली के कस्बा फरीदपुर से लौट रहा था। उसके साथ गांव के ही अरुण कुमार भी थे। बाइक इंद्रदेव चला रहे थे। रास्ते में गांव मोहम्मदपुर भजा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मेटाडोर की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक मेटाडोर लेकर बरेली की ओर भाग गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर परिजन भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घरवाले घायलों को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां शुक्रवार सुबह इंद्रदेव की मौत हो गई। इससे उनके घर कोहराम मच गया। मां रामश्री, बड़े भाई कमलेश, छोटे भाई गोपाल, बहन सरोज, राधा और ममता का रो-रोकर बुरा हाल है।