थाने में भिड़ गए पुलिस कर्मी: रामपुर में बहस के बाद मामला गाली गलौच तक चला, इसके बाद एक दूसरे पर बरसाए थप्पड़

रामपुर जिले के शाहबाद कोतवाली
– फोटो : संवाद
विस्तार
रामपुर की शाहबाद कोतवाली में पीआरवी पुलिसकर्मी और कोतवाली के हेड मोहर्रिर के बीच मारपीट हो गई। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो सीओ को जांच सौंप दी गई। शाहबाद पीआरवी पर तैनात एक पुलिसकर्मी शनिवार को दोपहर में सूचना मिलने पर कस्बे के एक मोहल्ले में गए थे।
घरेलू विवाद को लेकर झगड़ रहे दो पक्षों में एक पक्ष को पीआरवी ले आए। दूसरे पक्ष के लोगों को कस्बा इंचार्ज अमित और कांस्टेबल राजवीर कोतवाली लेकर पहुंचे। जानकारी के अनुसार कोतवाली में तैनात हेड मोहर्रिर ने एक पक्ष के युवक के थप्पड़ मार दिया।
पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी ने आपत्ति जाहिर की तो दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बाद में दोनों ही पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को शांत कराया। हालांकि, दोनों सिपाहियों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर दी।
उधर मौके पर मौजूद सिपाहियों ने बताया कि आरोपी पक्ष पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी का करीबी था। पीआरवी के पुलिसकर्मी ने भी हेड मोहर्रिर के साथ जमकर गाली-गलौज की थी। इसी के चलते मारपीट हुई। सीओ शाहबाद केएन आनंद ने बताया कि दो पुलिसकर्मियों के बीच हुई मारपीट की जांच की जा रही है। जांच में दोषी मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही का कमरे में मिला शव
गंज थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में परिवहन शाखा में तैनात मेरठ निवासी सिपाही इंसाफ अली (55) का शव रविवार शाम करीब पांच बजे उनके कमरे में मिला। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।
मेरठ जिले के किठोर थाना क्षेत्र के ललियारा गांव निवासी इंसाफ अली पुलिस लाइन में तैनात थे। रिजर्व पुलिस लाइन के पास बने सेल्टर हाउस में अपने साथी के साथ रहते थे। रविवार को इंसाफ अली अपने आवास पर थे। उनके साथ बाजार गए थे। जब वे वापस लौटे तो उनका शव पड़ा मिला।
उन्होंने यह देख इंसाफ अली के साथी के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस लाइन में तैनात अधिकारियों को जानकारी दी। गंज थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संभवत: हार्ट अटैक से मौत हुई है।