Budaun News: आखिरकार पालिका ने शुरू किया गड्ढों को भरने का काम

उझानी में स्टेशन रोड के गड्ढे भरने को पत्थर मिश्रित बजरी अनलोड करता ट्रक। संवाद
उझानी में स्टेशन रोड के चार सौ मीटर दायरे में गहरे गड्ढों का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। रेलवे स्टेशन रोड पर करीब चार सौ मीटर के दायरे में कई महीनों से गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरते ही नागरिकों की दिक्कत बढ़ी तो नगर पालिका परिषद ने इनको भरवाने का काम शुरू करा दिया है। इसे लेकर नागरिकों की दिक्कतों को अमर उजाला ने प्रकाशित भी किया था।
नगर की प्रमुख सड़क में शुमार स्टेशन रोड की सबसे ज्यादा खराब स्थिति लिंक रोड मोड़ से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार तक रही। इस सड़क पर आर्य समाज धर्मशाला गेट के सामने तो गड्ढे दो-ढाई फुट तक गहरे हो गए। पिछले दिनों बारिश हुई तो गड्ढों में पानी भर गया। वाहनों की चपेट में आने से नालियों भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
आसपास के दोनों मंदिरों तक श्रद्धालुओं को आने-जाने में दिक्कत होने लगी। रेलवे स्टेशन तक आने-जाने का इकलौता रास्ता होने के कारण कार और ई-रिक्शा ही नहीं, बल्कि बाइक सवार भी गड्ढों की चपेट में आने लगे। पिछले दिनों स्कूटी सवार कपड़ा कारोबारी निर्दोष कुमार वार्ष्णेय और डॉ. पीके गोयल घायल भी हो गए। इसी के मद्देनजर पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल के निर्देश पर पालिका ने अब गड्ढों को भरवाने का काम शुरू कर दिया है।
–
ओवरलोड वाहनों के आवागमन से क्षतिग्रस्त हुई सड़क
इसी सड़क से रेलवे स्टेशन के मालगोदाम तक अनाज लदे आवेरलोड वाहन आते-जाते हैं। मालगोदाम से महीने में करीब 20 दिन अनाज की रैक अन्य प्रदेश के लिए रवाना होती है। बाहर से यूरिया, डीएपी के अलावा राशन के गेहूं-चावल की रैक उझानी में ही अनलोड होती हैं। पूरे जिले में किसी अन्य स्टेशन पर रैक लोडिंग और अनलोडिंग की व्यवस्था नहीं है। सड़क पर गड्ढे होने की प्रमुख वजह यह वाहन भी रहे।

उझानी में स्टेशन रोड के गड्ढे भरने को पत्थर मिश्रित बजरी अनलोड करता ट्रक। संवाद