Shahjahanpur News: अंडरपास न बनाने पर ग्रामीणों ने रोका गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य

जलालाबाद में गंगा एक्सप्रेस-वे का काम रुकवाने जाते ग्रामीण। संवाद
जलालाबाद। गांव धिंयरिया के पास सिकंदरपुर-कुम्हरुआ मार्ग पर अंडरपास न बनाने का आरोप लगाते हुए गांव वालों ने गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस दौरान ग्रामीणों की कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से काफी कहासुनी हुई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार पैगाम हैदर ने समस्या का समाधान निकाले जाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। इस बीच काफी देर तक निर्माण कार्य बाधित रहा।
गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगी कंपनी द्वारा सिकंदरपुर से कुम्हरुआ गांव जाने वाले रोड पर अंडरपास बनाने की बात कही गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि अब कंपनी की मंशा अंडरपास बनाने की नहीं है। इसको लेकर दो दिन पहले उन लोगों ने एसडीएम रविंद्र कुमार को ज्ञापन देकर अंडरपास बनवाने की मांग की थी, ताकि उन गांवों तक आने जाने का रास्ता बना रहे।
बताया कि सोमवार को कंपनी ने अंडरपास वाली जगह पर मिट्टी डालनी शुरू कर दी। कंपनी के इस कार्य को देखकर ग्रामीण भड़क गए और दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई ग्रामीण हाथ में लाठी-डंडे लिए हुए थे। गांव सिकंदरपुर, सौरापुर, अफतियापुर, करनापुर, सहसोगा आदि गांव के सूरजपाल सिंह, अजय राजपूत, पारसनाथ, राजकुमार, संतराम, राजवीर आदि ने बताया कि जलालाबाद के सिकंदरपुर अफगानान रोड होकर उन लोगों के अलावा हरदोई जनपद के शाहाबाद, कांट क्षेत्र के लखनौर व कुरियाकलां गांवों तक पहुंचा जा सकता है। रास्ता बंद हो जाने से यहां जाना संभव नहीं हो पाएगा। ग्रामीणों के तेवर देख कार्यदायी संस्था के लोग काम रोककर इधर-उधर हो लिए। तहसीलदार ने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्या का हरसंभव निदान का आश्वासन दिया।