Pilibhit News: डेंगू के चार और मलेरिया के दो मरीज मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पीलीभीत। जिले में डेंगू व मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना सर्दी, खांसी, बुखार के 70 फीसदी मरीज आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के वार्ड में डेंगू के चार और मलेरिया के दो मरीज भर्ती हैं। बुखार के 10 मरीज हैं। ऐसे में वार्डों मेें अब मरीजों को भर्ती करने के बेड की समस्या होने लगी है।
मेडिकल कॉलेज में रोजाना ओपीडी बढ़ती जा रही है। आम दिनों में ओपीडी जहां 1000 से 1200 की होती थी। वहीं मौसम के बदलते ही ओपीडी में रोजाना बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। मंगलवार को 1465 मरीजों के नए पर्चे बनाए गए। लगभग 70 फीसदी मरीज सर्दी, खांसी, बुखार के पहुंच रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज के वार्ड में सात दिनों में 65 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। इसमें बुखार के 10, डेंगू के चार, मलेरिया के दो व अन्य सामान्य बुखार से पीड़ित मरीज भर्ती हैं। डेंगू व मलेरिया के मरीजों के लिए दो वार्ड बनाए गए हैं। डेंगू वार्ड में तीन बेड हैं जबकि मलेरिया वार्ड में छह बेड हैं।
वर्जन:
रोजाना तीन चार सौ मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें 60 फीसदी मरीज बुखार खांसी से पीड़ित हैं। बदलते मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। – रमाकांत सागर, वरिष्ठ फिजिशियन

