शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कहीं एनकाउंटर पर न उठें सवाल, कागजी कार्रवाई में जुटी रही पुलिस

Connect News 24

शाहजहांपुर। आलोक गुप्ता हत्याकांड के बाद आरोपी बदमाश शाहबाज को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। एनकाउंटर पर सवाल न उठें इसलिए पुलिस अपनी कार्रवाई को पुख्ता करना चाहती है। बुधवार को पूरे दिन पुलिस कागजी कार्रवाई में जुटी रही। इस दौरान पुलिस ने फरियादियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी।

घेर बाजार निवासी सुधीर गुप्ता के बेटे आलोक गुप्ता की हत्या और परिवार के अन्य सदस्यों को घायल करने के आरोपी शाहबाज को पुलिस ने मंगलवार की शाम नेशनल हाईवे पर बतलैया के पास एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। पीड़ित और आरोपी अलग-अलग समुदाय के होने के कारण बवाल की आशंका में एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने कटरा में डेरा डाल दिया। कई सर्किल के सीओ और थाना प्रभारियों को ड्यूटी पर लगाया गया था। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है।

सगीर की भूमिका की होगी जांच

मृतक की पत्नी खुशबू की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में शाहबाज और सगीर खां डभौरा वाले को भी नामजद किया गया है। दर्ज कराए केस में बताया कि 19 सितंबर की रात करीब साढ़े तीन बजे डकैती करने आया एक व्यक्ति उनके पति पर चाकू से हमला कर रहा था। शोर मचाने पर ससुर व देवर समेत अन्य लोग आ गए। चाकू से परिवार के सदस्य घायल हो गए। एक व्यक्ति शाहबाज को पकड़ लिया गया, जबकि आठ से दस लोग भाग गए। आलोक की अस्पताल में मौत हो गई। मुकदमे में खुशबू ने बताया कि सुना है कि पकड़ा गया आरोपी शाहबाज सगीर खां डभौरा वाले के लिए कार्य करता है। वह पहले भी हत्याएं कर चुके हैं। सगीर खां का संरक्षण प्राप्त होने के चलते वह छूट जाता था। पुलिस सगीर की भूमिका की जांच कर रही है।

शाहबाज की भूमिका की जांच कर रही थी पुलिस

सपा नेता सरताज खां की हत्याकांड में शहरोज को पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन बाद में वह छूट गया था। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि पूर्व के हत्याकांड में दोनों के नाम सामने आए थे। पूर्व में इंस्पेक्टर रहे धर्मेंद्र गुप्ता को शहरोज को लेकर कोई तथ्य नहीं मिला था, जबकि शाहबाज की भूमिका पर पुलिस काम कर रही थी।

हिरासत में शहरोज, पुलिस कर रही इन्कार

शाहबाज ने गिरफ्तारी के बाद हेयर सैलून चलाने वाले शहरोज का नाम बताया था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया था। दूसरे दिन भी वह पुलिस की हिरासत में होने की संभावना जताई गई, लेकिन पुलिस ने इन्कार किया है। बताते हैं कि भागने के दौरान गिरने से शहरोज का पैर टूट गया है।

जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी होगी

आलोक गुप्ता के अंतिम संस्कार व शाहबाज के सुपुर्द-ए-खाक होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। हालांकि, पहले जांच की जाएगी। आरोपियों के नाम प्रकाश में आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button