Pilibhit News: उम्मीद… पुलिसकर्मियों, छात्राओं को मिलेगी दुश्वारियों से आजादी

पूरनपुर का राजकीय महाविघालय ।
पीलीभीत। पुलिस कर्मी हों या आयुर्वेदिक अस्पताल में पढ़ाई कर रहीं छात्राएं। लंबे समय से इन्हें आवास की जरूरत है। पुलिस के लिए बैरक व आयुर्वेदिक अस्पताल में पढ़ाई कर रहीं छात्राओं के लिए हॉस्टल बनकर तैयार हो चुका है। इसके अलावा शेरगढ़ में विद्यालय बन गया है। इसी तरह आठ भवन बनकर तैयार हैं। लंबे अर्से से इनकी जरूरत महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री के हाथाें अब इन भवनों का छह अक्तूबर को लोकार्पण कराने की तैयारी है।
00
जर्जर और पुराने आवासों से पुलिस कर्मियों को मिलेगी आजादी
पुलिस लाइन में 150 पुलिस कर्मियों के आवास के लिए अगस्त 2020 में हॉस्टल की मंजूरी मिली थी। इसके लिए 7.89 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था। इसका निर्माण कार्य जून 2022 में पूरा होना था। किन्हीं कारणों से काम पूरा नहीं हो सका। अब काम पूरा हो गया है आवास बनकर तैयार हैं। पुलिसकर्मी इन आवास के आवंटन को लालायित हैं। लोकार्पण के बाद अगले महीने से यह आवास पुलिस कर्मियों को मिल जाएंगे। इससे उनके रहने की समस्या का समाधान हो जाएगा।
000
भवन तैयार, कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं का सपना पूरा
पूरनपुर के गांव पिपरिया दुलई में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को उच्चीकृत किया गया है। यहां पर एकेडमिक ब्लॉक एवं हॉस्टल के निर्माण की शासन की ओर से फरवरी 2020 में मंजूरी मिली थी। 3.16 करोड़ रुपये जारी होने के बाद निर्माण की जिम्मेदारी यूपी प्राजेक्ट्स कॉरपोरेशन बरेली को सौंपी गई थी। काम अगस्त 2022 में पूरा होना था। इसमें भी देरी हो गई थी। अब इसका निर्माण भी पूरा करा लिया गया है। निर्माण पूर्ण होने के बाद लोकापर्ण के बाद छात्राओं को रहने के लिए आधुनिक छत मिल सकेगी।
पूरनपुर में राजकीय महाविद्यालय तैयार, छात्रों को मिलेगा फायदा
पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र में कलीनगर रोड पर राजकीय महाविद्यालय की मंजूरी दी गई थी। मंजूरी के बाद 8.69 करोड़ रुपये से इसका निर्माण सीएंडडीएस की ओर से कराया जा रहा था। कॉलेज का निर्माण अब पूरा हो चुका है। इससे इस क्षेत्र के इंटर पास करने वाले छात्रों को मुख्यालय नहीं आना होगा। कॉलेज के बन जाने से स्थानीय छात्रों को आसानी से उच्च शिक्षा घर के पास में ही मिल सकेगी।
00
यह निर्माण कार्य भी हो चुके हैं पूरे
इसके अलावा शहर के आयुर्वेदिक कॉलेज की छात्राओं की समस्या को लेकर कैंपस में 84 छात्राओं के लिए वर्ष 2019 से 4.70 करोड़ रुपये से हॉस्टल का निर्माण चल रहा था। इसका काम भी पूरा हो गया है। हॉस्टल का काम पूरा होने के बाद अब यहां की छात्राओं को रहने के लिए कैंपस के बाहर किराए पर कमरा नहीं लेना होगा। लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी। इसके अलावा पूरनपुर के राजकीय महाविद्यालय सीएचसी दियूरिया, जिला महिला अस्पताल के अग्निशमन व्यवस्था का भी काम पूरा हो चुका है। इन सभी का लोकार्पण मुख्यमंत्री से कराने की तैयारी है।
जिले में जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उनकी सूची बनाई जा रही है। अगर छह अक्तूबर को मुख्यमंत्री आते हैं तो इन भवनों का लोकार्पण कराने का प्रयास रहेगा। – धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ

पूरनपुर का राजकीय महाविघालय ।

पूरनपुर का राजकीय महाविघालय ।

