Rampur News: 26 हजार उज्ज्वला खाते अभी आधार से नहीं जुड़े
रामपुर। उज्ज्वला योजना के 26 हजार लाभार्थियों के गैस कनेक्शनधारकों खाते अभी आधार कार्ड से लिंक नहीं हो पाए हैं। कनेक्शनधारक इसमें रूचि नहीं दिखा रहे हैं। जबकि पूर्ति विभाग के मुताबिक यह प्रक्रिया अनिवार्य है। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक ने बताया लाभार्थी संबंधित बैंक पहुंचकर बायोमेट्रिक ऑथेन्टिकेशन से अपने खातों में आधार लिंक करवा सकते हैं। बैंक खातों को आधार से लिंक कराकर वास्तविक पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को समय से लाभांवित करने के लिये पर्यवेक्षण के लिए जिला स्तर पर समिति गठित कर दी गई है। एलपीजी वितरकों तथा बैंकों द्वारा भी उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को जागरूक कर उनके बैंक खाते आधार से लिंक कराने के निर्देश दे दिए गए हैं, जिससे उन्हें योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील के मुताबिक वर्तमान में जिले में 42 गैस एजेंसियों द्वारा गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं। जिनमें 2.22 लाख उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए हैं। गैस सिलेंडर का मूल्य रुपये 929.50 है। उज्ज्वला गैस सिलेंडर पर सब्सिडी 218 रुपये है। प्रधानमंत्री निशुल्क उज्ज्वला गैस योजना में निशुल्क गैस कनेक्शन परिवार की महिला के नाम जारी किए जाते हैं। जिसके लिए राशनकार्ड, आधार कार्ड एवं बैंक खाता होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समस्त उज्ज्वला योजना के लाभार्थी बैंक पहुंच कर बायोमेट्रिक ऑथेटिंकेशन से अपने खातों में आधार लिंक करवा लें ताकि भविष्य में असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिले में गैस एजेंसी
आइओसीएल- 24
बीपीसीएल- 11
एचपीसीएल- 7