Shahjahanpur News: खेत पर गई बालिका से किशोर ने किया दुष्कर्म
पुलिस ने बालिका को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिंधौली (शाहजहांपुर)। बकरी चराने खेत पर गई बालिका से गांव के ही एक किशोर ने दुष्कर्म किया। किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। पुलिस किशोरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। पुलिस ने किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 12 वर्षीय बालिका शुक्रवार की शाम अपनी मां के साथ खेत पर बकरी चरा रही थी। मां किसी काम से घर चली आई। बालिका बकरियों को वापस घर ला रही थी तभी गांव का एक किशोर साइकिल से वहां आ गया। वह बालिका को जबरन पकड़कर गन्ने के खेत में ले गया और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वह भाग गया।
बालिका ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बालिका को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

