Rampur News: कारतूस कांड में नहीं हो सकी बहस, अब 29 को सुनवाई
रामपुर। प्रदेश के चर्चित कारतूस कांड में सोमवार को भी बचाव पक्ष की बहस नहीं हो सकी। इस मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।
10 अप्रैल 2010 को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ज्वालानगर में रेलवे क्राॅसिंग के पास से एसटीएफ की टीम ने सीआरपीएफ के दो हवलदार विनोद और बिनेश पासवान को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए थे। आरोपियों से कारतूस, इंसास रायफल और भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर इलाहाबाद पीएसी से रिटायर्ड एक दरोगा यशोदानंदन, मुरादाबाद पीटीसी के एक आर्मरर नाथीराम सैनी समेत बस्ती, गोंडा, बनारस समेत कई जिलों से पुलिस व पीएसी के आर्मरर को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने इस मामले की तफ्तीश के बाद इस प्रकरण की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। कोर्ट में अब मामले की सुनवाई चल रही है। सोमवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता को बहस करनी थी। अभियोजन की ओर से स्थगन प्रस्ताव दिया गया, जिसके चलते बहस नहीं हो सकी। अब इस मामले में 29 सितंबर को सुनवाई होगी।
अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में आज होगी सुनवाई
रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होगी। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने गंज थाने में वर्ष 2019 में सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दो जन्म प्रमाणपत्र होने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनकी पत्नी डाॅ. तंजीन फात्मा भी आरोपी हैं। यह मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है।
हेड कांस्टेबल की जमानत अर्जी पर आज होगी सुनवाई
रामपुुर। यतीमखाना मामले में जेल में बंद शाहजहांपुर के हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह चौहान की जमानत याचिका पर सुनवाई मंगलवार को होगी। इस मामले में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां भी आरोपी हैं और वह जमानत पर चल रहे हैं। एडीजीसी सीमा सिंह राणा के मुताबिक कोर्ट में इस मंगलवार को जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।