रामपुर

Rampur News: असली नोटों की निकली कैंटर से गिरी कतरन

Connect News 24

रामपुर। कस्बे के मोहल्ला मंगोली में रविवार को कैंटर में रखी बोरी से गिरी कतरन 500, 10, 20 रुपये के असली नोटों की थी। बैंक अधिकारियों की जांच में इसकी पुष्टि हुई है। हालांकि, अब इसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। वहीं पुलिस कैंटर की तलाश में जुट गई है। रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बिलारी की ओर से आ रहा कैंटर शाहबाद के मंगोली से होकर गुजर रहा था। इस दौरान कैंटर में रखी बोरी से हवा में नोटों की कतरन उड़ने लगी। नोटों के कतरन और टुकड़े देख राहगीर रुक गए और सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी का पीछा भी किया, लेकिन कैंटर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उन नोटों की कतरन का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे।

लोगों का कहना था कि कतरन असली नोटों की है। वहीं सीओ अतुल कुमार पांडेय और कोतवाल अनुपम शर्मा का कहना था कि यह नोट बच्चों के खेलने वाले चूरन के नोट हैं। सोमवार को शाहबाद के एसबीआई बैंक में क्राइम इंस्पेक्टर हारून खान और कस्बा इंचार्ज आदेश कुमार पहुंचे। बैंक अधिकारियों ने जांच के बाद नोटों को असली बताया। बैंक प्रबंधक पारितोष कुमार ने कहा कि कतरन असली करंसी की है। फिर भी पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच होनी चाहिए। इसके बाद पुलिस ने रामपुर की एसबीआई की मुख्य शाखा में भी नोटों की जांच कराई। अब पुलिस अधिकारी अब मामले की सूचना आरबीआई को देंगे।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे

जिस कैंटर से नोटों की कतरन गिरी थी, पुलिस उस कैंटर की तलाश में जुटी है। इसके लिए सोमवार को पुलिस ने दिनभर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बड़ागांव चौराहे से लेकर शाहबाद तक पड़ने वाले तमाम चौराहों, शाहबाद के बिलारी, चंदौसी और रामपुर चौराहों तक के कैमरे खंगाले गए। सभी कैमरों में कैंटर तो दिखा, लेकिन कैंटर का नंबर स्पष्ट नहीं दिखाई दिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button