Budaun News: डेरा डालकर रहने वाले बदमाशों ने की थी जरीफनगर में लूटपाट

पुलिस लाइन में पुलिस की गिरफ्त में खड़े बदमाश।स्रोत-पुलिस
बदायूं। एक सप्ताह पहले जरीफनगर इलाके के कई गांव में लूटपाट करने वाले बदमाश घुमंतू निकले। रविवार रात एसओजी और जरीफनगर, सहसवान पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो भाग गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
सोमवार दोपहर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि ये बदमाश जहां-तहां डेरा डालकर रहते हैं और फिर उसके आसपास इलाके में लूटपाट करते हैं। एक सप्ताह पहले 18 सितंबर को इन बदमाशों ने जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मदारपुर और जरैठा लूटपाट की घटनाएं अंजाम दीं। रविवार रात इन्हाेंने सहसवान के गांव सुजावली में लूटपाट की। एसओजी प्रभारी धर्वेंद्र कुमार, जरीफनगर इंस्पेक्टर राकेश कुमार और सहसवान इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने उस्मानपुर गांव से सहसवान की ओर पेट्रोल पंप के नजदीक घेराबंदी करते हुए पांच बदमाशों को पकड़ लिया। दो भाग गए।
बदमाशों ने अपने नाम बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के मोहल्ला प्यासा निवासी ताज मोहम्मद उर्फ अनवार शाह, उसके बेटे आस मोहम्मद, दिलशाद, वाहिद और पीलीभीत जिले के जहानाबाद निवासी फारुख उर्फ फर्रु पुत्र इलियास उर्फ अनवर बताए। भागने वालों में ताज मोहम्मद का चौथा बेटा सैफ अली और शाहजहांपुर के गढि़या रंगीन क्षेत्र के ढबौरा निवासी तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान शामिल हैं।
बदमाशों ने बताया कि वह गांव, कस्बा या शहर के नजदीक डेरा डालकर रहते हैं। वह सामान बेचने के बहाने रेकी करते हैं और फिर मौका पाकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस ने उनसे चार तमंचे, 16 कारतूस, एक चाकू, चांदी के सिक्के, अन्य जेबर और 26,400 रुपये बरामद किए हैं। इनके खिलाफ बरेली, पीलीभीत, रामपुर और बदायूं में कई मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी ने टीम को 15 हजार रुपये का इनाम दिया है। इस दौरान एसपी देहात अजय प्रताप सिंह और सीओ पवन कुमार मौजूद रहे।