Shahjahanpur News: मलेरिया से छात्रा की मौत, जिले में 55 हॉट स्पॉट चिह्नित

शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन के सिलिंडर व मरीज की स्ट्रेचर को धक्का लगाता तीमा
0 स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम और जिला पंचायत राज अधिकारी के पाले में डाली गेंद
0 वायरल बुखार के चलते अस्पतालों की स्थिति नहीं सुधर रही, बेड को लेकर मारामारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। रोजा के गांव बरतारा निवासी विश्राम की पुत्री प्रियांशी (14) की मलेरिया से मौत हो गई। वह विनोबा सेवा आश्रम पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। उसे कई दिन से बुखार आ रहा था। इधर, स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 55 हॉट स्पॉट चिह्नित किए हैं। वहां मच्छरों के खात्मे के लिए नगर निगम, नगर पंचायत व जिला पंचायत राज अधिकारी के पाले में गेंद डाली जा रही है।
बारिश के बाद मलेरिया और डेंगू जोर पकड़ रहा है। रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में मलेरिया के 315 और डेंगू के 42 रोगी सामने आ चुके हैं। मच्छरों से निपटने को ठोस इंतजाम नहीं होने के कारण लगातार रोगियों की संख्या बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सबसे अधिक मच्छरों वाले 55 हॉट स्पॉट जिले में चुने हैं। वहां पर मच्छरों से निपटने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए जाने से लगातार रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वायरल बुखार के मरीजों के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था फिर से पुरानी पटरी पर आ गई।
ट्राॅमा सेंटर में एक-एक बेड पर दो मरीजों को लिटाकर उपचार किया जा रहा। मंगलवार को ओपीडी में 1750 मरीजों ने नया पर्चा बनवाया। जबकि अस्पताल में 430 रोगियों को भर्ती किया गया।
–
सामान्य मरीजों के साथ रखे जा रहे मलेरिया के रोगी
राजकीय मेडिकल कॉलेज में मलेरिया के रोगियों को अलग वार्ड में भर्ती करने की व्यवस्था नहीं की गई। बेड की कमी से जूझ रहे अस्पताल के वार्डों में जगह-जगह पर बेड डालकर मरीजों को भर्ती किया गया। इसमें मलेरिया के रोगी भी शामिल हैं।
–
डेंगू वार्ड में लिपटी रखीं मिली मच्छरदानी
अस्पताल में डेंगू के मरीजों के लिए तीसरी मंजिल पर अलग से वार्ड बनाया गया। मंगलवार को तीन मरीज भर्ती भी थे। उनके बेड के ऊपर मच्छरदानी लगी थी, लेकिन अस्पताल स्टाफ द्वारा मच्छरदानी लगाने के प्रति प्रेरित नहीं किया। उनकी मच्छरदानी ऊपर की ओर लिपटी हुई थी। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरदानी का वितरण भी नहीं किया है।
–
कई घंटे अस्पताल के कमरे में पड़ा रहा शव
राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर के पुरानी इमरजेंसी के कमरे में कई घंटे तक एक व्यक्ति शव पड़ा रहा। उसकी पहचान नहीं हो सकी। रोगियों द्वारा सूचना देने के बाद कर्मियों ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया।
–
मच्छरों का लार्वा नष्ट करने के लिए सभी एमओआईसी को निर्देशित किया है। उनसे जलभराव वाले स्थान पर मोबिल डालने के लिए कहा गया। लोग भी डेंगू-मलेरिया से बचाव को जागरूक रहें।
– डॉ.आरके गौतम, सीएमओ
-वायरल बुखार समेत अन्य मरीजाें का उपचार किया जा है। सीमित संसाधनों के बीच मरीजों का बेहतर उपचार किया जा रहा।
डॉ.राजेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज