Pilibhit News: किसानों के खेतों में मशीनें पहुंची नहीं और खर्च हो गए 10 लाख
पीलीभीत। उद्यान विभाग में योजना के नाम पर आई धनराशि के बंदरबांट का मामला सामने आया है। इसमें ड्रिप सिंचाई के लिए आए 10 लाख रुपये को बिना किसानों के खेतों में मशीन भेजे ही ठिकाने लगा दिया गया। जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर सीडीओ ने उद्यान विभाग से पत्रावली तलब की है।
उद्यान विभाग में शासन की ओर से कई योजनाओं को लेकर अच्छा खासा बजट आता है। इसी क्रम में ड्रिप सिंचाई योजना में 10 लाख से अधिक का बजट खर्च होना दिखाया गया है, लेकिन किसानों के खेत में कहीं भी मशीन नहीं लगाई गई। बल्कि आपस में मिलकर धनराशि बांट ली गई। इसके साथ ही कहा गया है कि पूर्व अधिकारी अपना ट्रांसफर हो जाने के बाद भी 50 लाख रुपये का भुगतान कर ले गए।
इतना ही नहीं उद्यान विभाग को पौधारोपण के लिए वर्ष 2022-23 में 16 लाख रुपये का बजट मिला था। इसके बंदरबांट का आरोप लगाते हुए जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि पौधरोपण के लिए मिले 16 लाख रुपये को फर्जी बिल-वाउचर के माध्यम से खर्च कर आपस में बांट लिया गया है। पौध का उत्पादन नहीं किया गया। जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर सीडीओ ने उनको जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
..
जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर उद्यान अधिकारी से कराए गए भुगतान के बिल-वाउचर सहित पूरी पत्रावली तलब की है। इसकी जांच पड़ताल की जाएगी। शिकायत सही पाई जाने पर संबंधित पर कार्रवाई कर रिपोर्ट जिला अधिकारी को दी जाएगी। – धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी