रामपुर

Rampur News: नारद मोह के साथ शुरू हुआ रामलीला का मंचन

Connect News 24

मिलक (रामपुर)। नगर स्थित रामलीला ग्राउंड में विधिवत पूजन कर रामलीला मंचन की शुरुआत हुई। नगर पालिका अध्यक्ष दीक्षा गंगवार एवं कोतवाल भानु सिंह ने फीता काटा। गायकों ने संगीतमय चौपाई सुनाई। लीला का शुभारंभ गणपति वंदना से किया गया।

रामलीला के प्रथम दिन नारद मोह का भव्य मंचन किया गया। इसमें दिखाया गया नारद मुनि हिमालय पर तप करने जाते हैं। इससे घबराकर देवराज इंद्र ने कामदेव को अप्सराओं सहित नारद की समाधि भंग करने के लिए भेजा। नारद की भक्ति को डिगाने में कामदेव व अप्सराएं विफल हो गईं। नारद को कामदेव पर विजय पाने का अहंकार हो गया। इसके बाद नारद एक मोहिनी के मोह में पड़ गए और उसके स्वयंवर में जाने के लिए भगवान विष्णु से उनके स्वरूप की मांग की।

भगवान ने नारद को बंदर का रूप दे दिया। स्वयंवर में लोगों ने नारद का उपहास किया। जिस पर उन्होंने भगवान विष्णु को श्राप दे दिया कि जिस प्रकार से हम पत्नी के लिए तड़पे हैं, ठीक उसी प्रकार तुम भी पत्नी के वियोग में तड़पोगे और इन्हीं बंदरों के सहयोग के बाद तुम्हारा कल्याण होगा। इस अवसर पर कोतवाल भानु सिंह ने कहा कि रामलीला हमें अपने आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने का संदेश देती है। इस अवसर पर ऋषिओम गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा, राजू गुप्ता, विवेक शुक्ला, सर्वेश अग्रवाल आदि के साथ सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button