Bareilly News: काशी विश्वनाथ समेत आठ ट्रेनें निरस्त, राजधानी एक्सप्रेस का रूट बदला
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 03 Oct 2023 02:24 AM IST
बरेली। वाराणसी जंक्शन के यार्ड में मरम्मत कार्यों की वजह से लिए गए ब्लॉक के बीच छह अक्तूबर तक बरेली-बनारस के बीच चार जोड़ी यानी आठ ट्रेनों को निरस्त किया गया है। इसके अलावा तीन से 15 अक्तूबर तक राजधानी एक्सप्रेस का रूट बदला गया है।
रेलवे की ओर से जारी की गई सूचना के मुताबिक वाराणसी जंक्शन पर यार्ड रिमॉडलिंग के बीच 12357/12358 कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस तीन से छह अक्तूबर, 15119/15120 बनारस-देहरादून जनता एक्सप्रेस, 15127/15128 बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को दो से छह अक्तूबर और 22541/22542 बनारस-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस को तीन से छह अक्तूबर तक निरस्त किया गया है। इसके अलावा बरेली होकर गुजरने वाली 20503/20504 और 20505/20506 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को तीन से 15 अक्तूबर तक परिवर्तित रूट छपरा-गोरखपुर-बाराबंकी-लखनऊ होकर चलाई जाएगी।
इधर, एक अक्तूबर से ट्रेनों के संचालन का समय बदले जाने के बाद भी लंबी दूरी की कई ट्रेनें देरी से बरेली आ रही हैं। सोमवार को 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 13010 योगनगरी-हावड़ा एक्सप्रेस, 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस ने यात्रियों को काफी इंतजार कराया।



