Shahjahanpur News: खुटार में ढाबे के पीछे मिला पूर्व प्रधान का शव
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 04 Oct 2023 12:37 AM IST
खुटार। पुवायां के गांव खिरिया पाठक के पूर्व प्रधान मुन्नू की खुटार में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शव खुटार में तिकुनियां चौराहे के पास एक ढाबे के पीछे खेत में पड़ा मिला है। सूचना पाकर परिजन पोस्टमार्टम हाउस रवाना हो गए हैं।
मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि तिकुनियां चौराहे के पास एक ढाबे के पीछे खेत में 55 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ढाबा स्वामी से पूछताछ की। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। तमाम लोगों ने शव को देखा, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। तमाम लोगों ने शव के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए थे।
देर रात गांव खिरिया पाठक के लोगों ने फोटो देखकर शव की पहचान गांव के पूर्व प्रधान मुन्नू के रूप में की। सूचना परिजनों को मिली तो उन्होंने पुलिस से संपर्क कर बताया कि मुन्नू एक अक्तूबर को रिश्तेदारी में पूरनपुर गए थे। वापस आते समय वह खुटार में लापता हो गए थे। मुन्नू की नाक से खून भी निकला लग रहा था। लोगों का कहना है कि सोमवार शाम तक शव खेत में नहीं था। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद और परिजनों की जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।