Shahjahanpur News: हॉकी मैदान की दुर्दशा पर नहीं दिया जा रहा ध्यान

शाहजाहंपुर के टाउनहाल रोड स्थित हॉकी मैदान। संवाद
शाहजहांपुर। शहर में टाउनहाल ओवरब्रिज के पास हॉकी क्लब का मैदान है। जो अब प्रशासन के पास है। कभी इस मैदान पर राष्ट्रीय स्तर के खेल हुआ करते थे। तमाम युवा यहां प्रशिक्षण लेने आते थे। अब यह मैदान अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है।
यहां बता कि इस मैदान को लेकर वर्ष 2017 से हॉकी क्लब और नगर पालिका के बीच न्यायालय में मुकदमा चला। इसमें हॉकी क्लब पक्ष की तरफ से भूमि को अपना बताया गया, लेकिन कोर्ट ने इसे नजूल की भूमि मानते हुए विपक्षी पक्ष का मुकदमा खारिज कर दिया।
वर्ष 2017 में ही प्रशासन ने नजूल की भूमि पर बने हॉकी क्लब पर कब्जा ले लिया। वर्ष 2023 के मार्च माह में प्रशासन और नगर निगम ने अपना कब्जा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी में हॉकी क्लब की दुकानों व कमरों के ताले तोड़वा दिए गए और उसमें रखे सामान को बाहर निकलवा दिया। वर्तमान में मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, जिसकी अगस्त माह में तारीख लग चुकी है और प्रशासन ने अपनी ओर से दस्तावेज पेश किए हैं।
ऐसे में अब न तो हॉकी मैदान में कोई खेल होता है और न ही उसके भवन का उपयोग हो रहा है। विनियमित क्षेत्र कार्यालय का बोर्ड लगा हुआ है। खिलाड़ियों की मांग है कि हॉकी मैदान पर खेल गतिविधियां होनी चाहिए। इसके लिए हॉकी मैदान को उसी तरह मेंटेन रखा जाए, जैसे हॉकी क्लब के हाथों में रहते हुए था।
–
इस मैदान पर हो चुके हैं राष्ट्रीय खेल
हॉकी मैदान पर जिला स्तरीय ही नहीं राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी आकर खेल चुके हैं लेकिन वर्तमान में इसकी दुर्दशा को देखकर हॉकी के खिलाड़ी काफी मायूस हैं। उनका कहना है कि मैदान को भले ही प्रशासन अपने कब्जे में रखे, लेकिन हॉकी के खिलाड़ियों को यहां पर खेलने और अभ्यास करने की अनुमति मिलनी चाहिए। जिससे वह अपने जनपद और देश का नाम रोशन कर सकें।
–
अच्छू खां से प्रशिक्षण लेते थे खिलाड़ी
इस हॉकी मैदान से कई खिलाड़ी निकले, जिनमें अच्छू खां का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक खेलने के साथ ही तमाम युवाओं को हॉकी के हुनर सिखाए। उनसे सीखकर अन्य खिलाड़ियों ने भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर अपनी पहचान बनाई।
–
हॉकी मैदान पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव
जिला प्रशासन की ओर से नजूल की इस जमीन पर उच्चस्तरीय स्पोर्ट्स काॅम्पलेक्स बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब शासन से हरी झंडी मिलने और हाईकोर्ट से निर्णय का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
हॉकी मैदान पर अब प्रशासन का कब्जा है। यह नजूल की भूमि है, जिसका मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। इसकी सुनवाई हो रही है। अगस्त में तारीख लगी थी, जिसमें दस्तावेज दाखिल किए गए हैं। नवंबर में अगली तारीख हैं। फैसला आने का इंतजार है। मैदान के सदुपयोग के लिए कॉम्पलेक्स बनाए जाने का विचार है।
– संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन

