Rampur News: छात्राओं की पिटाई के मामले में जांच करने गांव पहुंचे बीईओ
रामपुर। सैदनगर ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल बगरौआ में छात्राओं को पीटने के मामले में आरोपी शिक्षक सचिन कुमार के खिलाफ राज्य परियोजना कार्यालय से जांच बैठा दी गई है। परियोजना कार्यालय से एडी बेसिक मुरादाबाद बुद्धप्रिय सिंह को प्रकरण की जांच के लिए अधिकारी नियुक्त किया है। सोमवार को बीएसए के आदेश पर खंड शिक्षा अधिकारी सैदनगर मदन लाल वर्मा जांच करने गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं व उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए।
प्राथमिक स्कूल बगरौआ में प्रधानाध्यापक सहित चार लोगों का स्टाफ है। इसमें प्रधानाध्यापक सहित महिला शिक्षक और शिक्षामित्र शनिवार को अवकाश पर थे। केवल शिक्षक सचिन कुमार स्कूल में छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि छात्राएं दोपहर के समय स्कूल में बैठी थीं तभी शिक्षक सचिन कुमार ने पहले छात्राओं को डांटा और फिर उसके बाद डंडे से छात्राओं की पिटाई करनी शुरू कर दी। जिसमें छह छात्राएं घायल हुई थीं।
छात्राओें के चीखने चिल्लाने पर ग्रामीणों ने मौके पर जाकर छात्राओं को बचाते हुए उन्हें उनके घर भेज दिया। घटना के बाद से छात्राओं के अभिभावकाें में आक्रोश फैल गया। उन्होंने स्कूल में आकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद आरोपी शिक्षक मौके से खिसक गया। इस प्रकरण में रविवार को कुछ अभिभावकों की ओर से अजीमनगर थाना पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की थी।
इधर, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास यह शिकायत पहुंची तो खलबली मच गई। जिसके बाद राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ से इस प्रकरण का संज्ञान लिया गया। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि एडी बेसिक मुरादाबाद के पास प्रकरण की जांच के लिए परियोजना कार्यालय से पत्र आया है। सोमवार को सैदनगर के खंड शिक्षा अधिकारी मदनलाल वर्मा ने गांव में पहुंचकर छात्राओं व उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए हैं। अभी तक जांच आख्या उनके पास प्राप्त नहीं हुई है। जो आख्या आएगी, उसे एडी बेसिक को प्रेषित किया जाएगा।
शिक्षक द्वारा छात्राओं को पीटने का मामला संज्ञान में है। इसकी जांच की जा रही है। परियोजना कार्यालय से एडी बेसिक के माध्यम से जांच के दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैंं। जांच आख्या प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।