पीलीभीत

Pilibhit News: दिल्ली की महिला से छेड़खानी करने वाला टेंपो चालक व साथी गिरफ्तार

Connect News 24

बीसलपुर (पीलीभीत)। कोतवाली पुलिस ने दिल्ली की विवाहिता से छेड़खानी और मारपीट करने वाले दोनों आरोपियों को शनिवार को उनके भोजीपुरा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली की एक विवाहिता ने बताया कि 11 सितंबर को वह बीसलपुर में अपनी बहन के पास आने के लिए बरेली तक रोडवेज बस से आई। बरेली के सेटेलाइट बस स्टेशन पर रात 11 बजे बस आ पाई। उसने बरेली से बीसलपुर आने के लिए एक टेंपो बुक किया।

टेंपो चालक के साथ एक और भी युवक था। टेंपो चालक उसे लेकर बीसलपुर के लिए रवाना हुआ। महिला का आरोप था कि टेंपो चालक और उसके साथी ने रास्ते में उससे छेड़खानी की, उसने विरोध किया तो मारपीट की गई। महिला के अनुसार इसके बाद उसे बीसलपुर-पीलीभीत रोड के अर्जुनपुर मोड़ पर सड़क पर फेंक दिया गया। इसमें उसके काफी चोट आई।

वह उसी दिन दिल्ली लौट गई और उपचार कराया। ठीक होने पर आठ अक्तूबर को अपने पति के साथ कोतवाली आई और घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में आरोपियों को सूरत शिनाख्त बताया गया। पुलिस ने उसी दिन से आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया।

पुलिस को पता चला कि घटना को अंजाम देने वाला टेंपो चालक व उसका साथी भोजीपुरा के हैं। मुुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को सुबह बरेली के कस्बा भोजीपुरा के मोहल्ला पीपलसना चौधरी निवासी सुनील पाल और जगतपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुनील के कब्जे से एक चाकू, जगतपाल के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जीवित कारतूस भी बरामद किया। पुलिस टेंपो को भी ले आई। सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

युवती से छेड़खानी कर जलती बीड़ी फेंकने वाला दबोचा

बरखेड़ा। दरवाजे पर बैठी युवती से छेड़खानी कर जलती बीड़ी फेंक देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

क्षेत्र के गांव के रहने वाले युवक ने बताया कि उसकी पुत्री घर के बाहर दरवाजे पर बैठी हुई थी। इसी दौरान सत्तार बेग ने उसकी पुत्री पर अश्लील तंज करते हुए जलती हुई बीड़ी फेंक दी। इसके बाद परिजन जब मामले की शिकायत करने गए तो उक्त लोगों ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर सत्तार बेग व अफजाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। शनिवार को बरखेड़ा पुलिस ने सत्तार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संवाद

बेटी से दुष्कर्म का आरोप

गजरौला। बहला फुसलाकर ले जाई गई लड़की को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती के पिता ने मामले की शिकायत थाना गजरौला में की है।

युवती के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री को गांव का रहने वाला युवक 12 अक्तूबर को बहला फुसलाकर ले गया था। इसके बाद युवक ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने बेहोशी की हालत में पुत्री से कोर्ट मैरिज भी कर ली। युवक लगातार उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पिता ने मामले की लिखित शिकायत थाना गजरौला में कर कार्रवाई की मांग की है। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button