Budaun News: सरेबाजार महिलाओं पर कसीं फब्तियां, एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Wed, 18 Oct 2023 12:11 AM IST
कादरचौक (बदायूं)। कस्बे की बाजार में कासगंज के दो युवकों ने महिलाओं पर फब्तियां कस दीं। लोगों ने घेरकर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। बाद में नोटिस तामील कराके दोनों को छोड़ दिया।
सोमवार दोपहर कस्बे के बाजार में कासगंज के दो युवक बाइक से आए और इधर-उधर दुकानों पर खड़े होकर महिलाओं पर फब्तियां कसने लगे। काफी देर तक दुकानदार उनकी हरकतें बर्दाश्त करते रहे, लेकिन जब वे छेड़खानी की कोशिश करने लगे तो दुकानदारों ने घेरकर उन्हें पकड़ लिया और कादरचौक थाने ले गए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव किशोरी नगला निवासी गुड्डू और सुनील बताया।
थाना पुलिस ने कस्बा निवासी रामनिवास की तहरीर पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। बाद में उन्हें नोटिस तामील कराके छोड़ दिया। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चूंकि इस अपराध में सात साल से कम की सजा है, लिहाजा दोनों को नोटिस तामील कराके दिया गया।