Shahjahanpur News: शहर के पांच स्थानों पर लगेंगे हेल्थ एटीएम

शाहजहांपुर के अस्पताल में लगा हेल्थ एटीएम। संवाद
शाहजहांपुर। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शहरवासियों को अस्पतालों और जांच केंद्रों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलने वाली है। नगर निगम शहर के पांच स्थानों पर जल्द ही हेल्थ एटीएम लगवाने जा रहा है जहां कम खर्च में आसानी से उनका स्वास्थ्य परीक्षण होगा। साथ ही डॉक्टरों की सलाह भी ली जा सकेगी।
नगर निगम की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेज दी गई है। इस पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। तीन साल में इससे नगर निगम को करीब तीन लाख रुपये की आय भी होगी। स्थान के चिह्नीकरण के बाद प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए शासन ने हेल्थ एटीएम लगाने के आदेश दिए थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेज, पुराना जिला अस्पताल के साथ ही सीएचसी और पीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगाए भी गए लेकिन कुछ दिन बाद यह शोपीस साबित हो गए।
अब नगर निगम ने भी यह सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। हेल्थ एटीएम में शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे। इसमें सांस, हृदय, इंफेक्शन, प्रजनन, शुगर, हीमोग्लोबिन समेत कई तरह की जांच हो सकेंगी। वीडियो काॅल पर डाॅक्टर भी उपलब्ध होंगे। इसके लिए नगर निगम डाक्टरों से करार करेगा। जांच की दरें शासन स्तर से निर्धारित की जाएंगी।
शहर के इन स्थानों पर मिल सकता है लाभ : नगर निगम ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, बरेली मोड़, रोजा मंडी, चौक मंडी आदि स्थानों पर हेल्थ एटीएम लगाने के लिए जगह देखी है। इसके अलावा भी कुछ स्थानों पर जगह चिह्नित की जा रही है।