Pilibhit News: मंदिरों और घरों में की गई मां कात्यायनी की पूजा

शहर के महामातेश्वरी मंदिर में मां दुर्गा की आरती करती प्रंबधिका । संवाद
पीलीभीत। शारदीय नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की आराधना की गई। घरों में देवी की पूजा-अर्चना में लोग जुटे रहे। मंदिरों में माता के छंद हुए।
शहर के मां यशवंतरी देवी मंदिर, निरजनकुंज कॉलोनी स्थित महा मातेश्वरी देवी मंदिर, गोदावरी स्टेट कॉलोनी के मां दुर्गा मंदिर, छतरी चौराहा स्थित संतोषी माता मंदिर, सुनगढ़ी स्थित शीतला देवी आदि मंदिरों में शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्त नारियल, चुनरी और धूपबत्ती लेकर माता के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचे। छठे दिन माता कात्यायनी की पूजा की गई। इस दौरान ॐ देवी कात्यायन्यै नम:॥ चन्द्रहासोज्ज्वलकरा शार्दूलवरवाहना। कात्यायनी शुभं दद्याद् देवी दानवघातिनी॥ मंत्र का जाप किया गया। कुछ भक्तों ने दुर्गा सप्तशती का भी पाठ किया। माना जाता है कि मां कात्यायनी प्रसन्न होकर सुयोग्य वर का आशीर्वाद देती हैं और विवाह में आने वाली बाधाएं दूर करती हैं। शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में महिलाओं के द्वारा छन्द गाए गये।
स्लेटी वस्त्र पहनकर करें मां कालरात्रि की पूजा
नवरात्रि के सातवें दिन शनिवार को मां कालरात्रि की पूजा की जाएगी। उनको स्लेटी वस्त्र पहनकर गुड़ एवं चीकू का भाेग लगाना शुभ माना जाता है।
बंगाली कॉलोनी में दुर्गा महोत्सव आज से
न्यूरिया। न्यूरिया बंगाली कॉलोनी में वर्षों से चली आ रहा मां दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम से शनिवार से शुरू होगा। बंगाली समाज ने इसके लिए विशेष तैयारियां की हैं।
पूजा कमेटी के अध्यक्ष निमाई मंडल ने बताया कि पिछले कई वर्षों से न्यूरिया बंगाली कॉलोनी में मां दुर्गा पूजा महोत्सव मनाया जा रहा है। शनिवार से महोत्सव की शुरूआत होगी। एक सप्ताह बाद दुर्गा मूर्तियों का राजा कॉलोनी के तालाब में विसर्जन कर महोत्सव का समापन होगा। महोत्सव में न्यूरिया बंगाली कॉलोनी निवासी मूर्तिकार आशु गोलदार द्वारा मां सरस्वती, गणेश जी, माता लक्ष्मी जी, कार्तिक एवं महिषासुर की मूर्तियों का निर्माण किया है।
आशीष मंडल उर्फ बब्लू मंडल ने बताया कि मां दुर्गा पूजा महोत्सव में न्यूरिया बंगाली कॉलोनी, राजा कॉलोनी, गुप्ता कॉलोनी, मुख्तियार कॉलोनी, कानपुर, भरतपुर कॉलोनी, खरगापुर कॉलोनी, माला कॉलोनी, जोशी कॉलोनी, रानी कॉलोनी, उत्तराखंड से शक्ति फार्म, खटीमा, बनबसा, टनकपुर, चकरपुर,गभिया सराय आदि स्थानों से लोग शामिल होते हैं। इस अवसर पर मेले का भी आयोजन किया जाएगा। संवाद

शहर के महामातेश्वरी मंदिर में मां दुर्गा की आरती करती प्रंबधिका । संवाद

शहर के महामातेश्वरी मंदिर में मां दुर्गा की आरती करती प्रंबधिका । संवाद

