Pilibhit News: पिता के न रहने पर ‘राम’ बन गए ‘रावण’

श्री राम लीला महोतसव में राम का अभिनय निभाते नितिन पाड़ेय ।
पीलीभीत। सगे भाई जो राम-लक्ष्मण थे, लेकिन वक्त ने उन्हें राम-रावण बना दिया। भाई होकर भी बड़े भाई का हर दशहरे पर वध करना छोटे की मजबूरी है। हम बात कर रहे हैं शहर की 137 साल पुरानी रामलीला की। नितिन राम की भूमिका निभाते आ रहे हैं, जबकि बड़े भाई विपिन रावण की।
साईंधाम कॉलोनी के पास रहने वाले सुरेश पांडेय ने लंबे समय तक रामलीला में रावण की भूमिका निभाई है। उनके साथ ही बेटे नितिन व विपिन रामलीला में राम-लक्ष्मण की भूमिका निभाते थे। तब विपिन राम की भूमिका निभाते थे। दशहरे वाले दिन राम-रावण के वेष में पिता-पुत्र युद्ध करते थे। कलक्ट्रेट में अधिकारियों के ड्राइवर रहे सुरेश पांडेय का 2012 में निधन हो गया। इसके बाद विपिन को रामलीला में पिता की जगह रावण की भूमिका निभानी पड़ी, जबकि छोटे भाई नितिन राम का रोल अदा करने लगे।
2012 के बाद से दोनों भाई राम-रावण की भूमिका निभा रहे हैं। रामलीला से पहले दोनों शहर के परमठ मंदिर में जाकर अपनी-अपनी भूमिका की तैयारी करते हैं। पर्दे के पीछे एक साथ हंसते और उठते बैठते हैं, लेकिन पर्दा उठते ही धर्म युद्ध करते नजर आते हैं। मंच पर राम-रावण के संवाद और युद्ध के दौरान कहीं से नहीं लगता कि दोनों सगे भाई हैं। यही दोनों के अभिनय की विशेषता भी है। दोनों शादीशुदा हैं। 30 वर्षीय नितिन की इसी साल शादी हुई है, जबकि 32 साल के विपिन के तीन बच्चे हैं।
नितिन हैं स्वच्छता मिशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर
श्रीराम की भूमिका निभाने वाले नितिन पांडेय मरौरी ब्लाॅक में स्वच्छ भारत मिशन के कोऑर्डिनेटर हैं। वह करीब 23 साल से रामलीला मंच से जुड़े हैं। इनके पिता सुरेश पांडेय लंबे समय तक रावण की भूमिका करते रहे। नितिन बताते हैं कि शुरूआत में शत्रुधन, भरत और लक्ष्मण की भूमिका करते रहे। लगभग 18 साल से रामलीला में श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। अब तो सारे संवाद रट गए हैं।
सरकारी कर्मचारी हैं रावण की भूमिका निभाने वाले विपिन
नितिन के बड़े भाई व रावण की भूमिका निभाने वाले विपिन पांडेय सरकारी विभाग में लिपिक हैं। पहले वह राम की भूमिका निभाते थे। तब रावण के रूप में युद्ध के मैदान में उनके पिता सुरेश पांडेय सामने हुआ करते थे। पिता के निधन के बाद से विपिन रावण की भूमिका निभा रहे हैं।

श्री राम लीला महोतसव में राम का अभिनय निभाते नितिन पाड़ेय ।

श्री राम लीला महोतसव में राम का अभिनय निभाते नितिन पाड़ेय ।

