Budaun News: बहन और उनकी सास को पीटने पर भाइयों पर एफआईआर
उझानी। चार माह पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर मोहल्ले के ही युवक से निकाह कर वजीरगंज में रहने लगी युवती के ससुराल लौटने पर उसके भाई बिफर गए। आरोपियों ने ससुराल में घुसकर बहन और उनकी सास की पिटाई कर दी थी। पुलिस ने तीन भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला पांच दिन पुराना है।
पठानटोला मोहल्ला निवासी जीशान पुत्र भूरे का निकाह मोहल्ले के ही शफी की बेटी फरीन के साथ हुआ था। निकाह से उसके भाई खफा थे। फरीन और जीशान वजीरगंज में रह रहे थे। जीशान वहां व्यापार करता है। आरोप है कि पिछले दिनों फरीन के साथ जीशान अपने घर लौटे। इसकी भनक फरीन के भाइयों को लग गई। जीशान की गैर मौजूदगी में फरीन के भाई उनके घर में घुस आए। भाइयों ने फरीन और उनकी सास नसीम पर हमला कर दिया।
हमले में फरीन और नसीम घायल हो गईं। जीशान ने बताया कि हमलावरों ने उनके छोटे भाई अनस को गायब कर देने की धमकी दी है। जीशान ने दो दिन बाद पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल भी कराया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जीशान की तहरीर पर फरीन के सगे भाई तौफीक, अनीस और ममेरे भाई फैय्यान पुत्र पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।


