Budaun News: सड़क निर्माण में घपले पर विधायक ने अफसरों को चेताया

भुडेली गांव में तालाब की चार दीवारी में लगाई जा रही पीला ईंट। संवाद
दातागंज। क्षेत्र के गांव धरेली और भुडेली होते हुए नेताझुकसा के पास बरेली मार्ग को जोड़ने के लिए करीब 4.39 करोड़ की लागत से छह किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें बेहद घटिया और मानक से कम सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इसकी शिकायत पर विधायक ने कार्यदायी संस्था को मानक अनुसार सड़क का निर्माण करने के लिए चेताया है। बाद में कुछ निर्माण कार्य संस्था ने तुड़वा भी दिया।
भटौली गांव के निकट से आधा दर्जन गांव को जोड़ते हुए बरेली मुख्य मार्ग तक जाने वाला छह किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग बनवाने के लिए जून 2021 में 4,39,70000 रुपये की स्वीकृति शासन ने मिली थी। सड़क निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) को सौंपी गई। कार्य पूर्ण करने की तिथि जून 2022 तय थी, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के निर्माण में मानक के अनुरूप पत्थर, बजरी और तारकोल का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। आरईएस ने भुड़ेली तालाब की चहारदीवारी भी पीली ईंटों से बनवा दी है। लोगों ने भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह से इसकी शिकायत की। विधायक के चेतावनी देने के बाद भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता सही न होने पर विधायक ने इसकी उच्च स्तर पर शिकायत की। विधायक की शिकायत के बाद कार्यदाई संस्था ने पीली ईंट से बनी भुडेली तालाब की चहारदीवारी गिरवा दी और कार्य मानक के अनुरूप करने का आश्वासन दिया है।


