सुरक्षा संबंधी मानक न पूरा करने पर स्कूल पर होगी एफआईआर : डीएम

विद्यालयों के प्रबंधक व संचालकों के साथ परिवहन सुरक्षा संबंधी समीक्षा बैठक करते डीएम।स्रोत सूचन
– मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों व संचालकों की डीएम ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों व संचालकों की परिवहन सुरक्षा संबंधी बैठक हुई।
डीएम ने कहा की बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यालय सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य है। प्रत्येक विद्यालय एक परिवहन इंचार्ज भी नियुक्त करें। समिति की जिम्मेदारी होगी कि कोई भी वाहन बिना अनुबंध के न चले।
जो वाहन बिना अनुबंध के बच्चों को लाने ले जाने का कार्य कर रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर उनका अनुबंध कराएं। बड़े वाहनों के ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों की फिटनेस भी समय-समय पर चेक करते रहें।
सुरक्षा से संबंधित कोई भी मानक न पूरा होने पर विद्यालय की जिम्मेदारी तय करते हुए उन पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को स्कूली परिवहन की सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों को पूरा करने के लिए विद्यालय प्रबंधन की मदद के लिए एक हेल्पडेस्क बनाने के निर्देश दिए एवं इसके लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जो ई-रिक्शा स्कूली बच्चों को ले जाने का कार्य करते हैं, उनमें जाली लगी होना अनिवार्य है। साथ ही कोई ई-रिक्शा हाईवे पर नहीं चलना चाहिए।
उन्होंने बैठक में उपस्थित विद्यालयों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे स्वयं भी अनुशासन बनाकर रखें और एक सुरक्षित व्यवस्था बनाने में प्रशासन की मदद करें। बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय, डीआईओएस हरिवंश सिंह, बीएसए रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।