Budaun News: कछला में 1.96 करोड़ से बनेंगे 40 नाले, जलभराव से मिलेगी निजात
बदायूं। नगर पंचायत कछला के नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। बरसात में होने वाले जलभराव से अब उन्हें निजात मिल जाएगी। शासन ने जल निकासी योजना के तहत नगर पंचायत कछला में 40 नालों के निर्माण के लिए 1.96 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें 49 लाख की धनराशि अवमुक्त भी कर दी गई है।
जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गंगा किनारे बसे कछला नगर की आबादी लगभग 12 हजार है। कछला के नागरिकों को हर वर्ष बरसात के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या से जूझना पड़ता है। बारिश के दिनों में पानी कई-कई दिनों तक सड़कों पर भरा रहता है। इसकी वजह से लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। लोग इस समस्या से निजात के लिए कई वर्षों से नगर पंचायत प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग कर रहे थे।
अब शासन ने जलभराव की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए सीवरेज व जलनिकासी योजना के तहत कछला का चयन किया है। शासन ने इस योजना के तहत काम कराने के लिए पिछले माह 1.96 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की। इस योजना में चयन हो जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन द्वारा 40 नालों के लिए स्थान चयन कर लिया है। जल्द कार्य शुरू करने के लिए शासन ने प्रथम किस्त के रूप में 49 लाख रुपये की धनराशि भी अब मुक्त कर दी है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अब्दुल सुबूर ने बताया कि नाला निर्माण का काम जल्दी शुरू हो जाएगा।


