Budaun News: नवादा उपकेंद्र का ट्रांसफॉर्मर फुंका, चौथाई शहर में बिजली संकट
बदायूं। नवादा उपकेंद्र में सोमवार सुबह पावर ट्रांसफॉर्मर फुंक गया। इससे सालारपुर इंडस्ट्रियल एरिया, खेड़ा नवादा, लोची नगला और नई सराय समेत चौथाई शहर की बिजली ठप हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरे ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था न हो पाने से। कम से कम तीन दिन बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। हालांकि अभी दूसरी लाइनों से जोड़कर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
खेड़ा नवादा विद्युत उपकेंद्र से शहर में सालारपुर औद्योगिक क्षेत्र, आरिफपुर, खेड़ा नवादा, लोची नगला और नई सराय मोहल्ले समेत करीब एक दर्जन इलाकों की बिजली आपूर्ति होती है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह उपकेंद्र में 10 एमवीए का पावर ट्रांसफॉर्मर फुंक गया, इससे सभी इलाकों की बिजली ठप हो गई। दोपहर तक विद्युत निगम के अधिकारी दूसरे ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था कराने में लगे रहे लेकिन व्यवस्था नहीं हो पाई। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर गाजियाबाद से आना है। उसे बदायूं आने में दो-तीन दिन का समय लग सकता है। इससे लोगों को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था न हो पाने पर सालारपुर औद्योगिक क्षेत्र, खेड़ा नवादा, लोची नगला, नई सराय, पटियाली सराय आदि इलाकों को दूसरी लाइनों से जोड़कर फिलहाल बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। सुबह करीब आठ बजे गई बिजली शाम साढ़े चार बजे तक सुचारु नहीं पाई तो लोगों में गुस्सा बढ़ने लगा। जब तक पावर ट्रांसफॉर्मर नहीं आ जाता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ही आपूर्ति दी जाएगी।
33 हजार की लाइन में फाल्ट से मीरा जी चौकी और कबूलपुरा इलाके की बिजली गुल
शहर में नवादा मुख्य उपकेंद्र से मीरा जी चौकी उपकेंद्र को अंडरग्राउंड आपूर्ति आती है। बताया जा रहा है कि नवादा इलाके में सोमबार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक लाइन में फाल्ट हो गया, जिससे मीरा जी चौकी, कबूलपुरा इलाके की आपूर्ति ठप हो गई। सुबह अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने लाइन की मरम्मत कराई। सुबह करीब दस बजे लाइन ठीक करा दी गई। उसके बाद आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
नवादा उपकेंद्र में सोमवार सुबह पावर ट्रांसफॉर्मर फुंक गया है। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बिजली दूसरी लाइन से जोड़ दी गई है। तीन दिन तक यह व्यवस्था रह सकती है। इसके अलावा मीरा जी चौकी उपकेंद्र की लाइन में फाल्ट हो गया था, उसे ठीक करा दिया गया है।
– सचिन कुमार, एसडीओ कोतवाली


