Budaun News: आतिशबाजी लाइसेंस के लिए एनओसी देने में अग्निशमन स्टाफ ने की थी वसूली
बदायूं। अग्निशमन अधिकारी और तीन सिपाही आतिशबाजी लाइसेंस के लिए एनओसी देने के दौरान वसूली करने के मामले में फंस गए हैं। एसपी सिटी की जांच के आधार पर एसएसपी ने उनके खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेज दी है। अग्निशमन स्टाफ पर पहले भी होटलों और अस्पतालों को एनओसी जारी करने में वसूली के आरोप लग चुके हैं।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और सिपाहियों के खिलाफ कुछ दिन पहले कई डॉक्टरों और होटल मालिकों ने भी वसूली की शिकायत एसएसपी से की थी। उनका कहना था कि एनओसी और जांच के नाम पर उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। मनमानी रकम न देने पर उन्हें एनओसी नहीं दी जा रही है। इन आरोपों की भी एसएसपी ने जांच कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई हो पाती उससे पहले ही आतिशबाजी के लाइसेंस के लिए एनओसी देने में वसूली का मामला सामने आ गया।
चार दिन पहले अग्निशमन कार्यालय में जिले के तमाम आतिशबाजी विक्रेताओं ने वसूली के खिलाफ हंगामा किया था। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर दो से ढाई हजार वसूलने का आरोप लगाया था। इसकी सूचना पर एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने अग्निशमन अधिकारी और सिपाहियों के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेज दी है। बताया जा रहा है कि एसपी सिटी की जांच में तीन सिपाहियों के नाम अवैध वसूली करने में सामने आए हैं।
अवैध वसूली के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं तो उस वक्त क्षेत्र में चेकिंग करने गया था। इसी दौरान एसपी सिटी जांच के लिए पहुंचे थे। एसएसपी ने क्या रिपोर्ट भेजी है, इसकी भी मुझे कोई जानकारी नहीं है। – राजाराम यादव, जिला अग्निशमन अधिकारी


