बरेली

Bareilly News: नगर निगम में भाजपा का मुस्लिम कार्ड फेल, सभी नौ प्रत्याशी हारे

Connect News 24

बरेली। नगर के मुस्लिम बहुल इलाकों में कमल खिलाने की भाजपा की हसरत अधूरी रह गई। भाजपा ने शहर के नौ वार्डों में मुस्लिम प्रत्याशी उतारे थे। इनमें कोई भी जीत दर्ज नहीं कर सका। ज्यादातर की जमानत तक जब्त हो गई है। नगर निगम में कुल 23 मुस्लिम पाषर्दों में सपा के 12 और कांग्रेस के तीन पार्षद हैं। जिन मुस्लिम बहुल इलाकों में पार्षद पद पर सपा प्रत्याशियों की हार हुई है, वहां हार का अंतर भी काफी कम है।

नगर निगम चुनाव में भाजपा ने इस बार पार्षद पद पर नौ मुस्लिमों को टिकट दिया था। पार्टी को उम्मीद थी कि इससे मुस्लिम बहुल इलाकों में पैठ बनेगी। वार्ड नंबर 28 फरीदापुर चौधरी में भाजपा प्रत्याशी साजिद हुसैन को कांग्रेस की मैसर खान, वार्ड नंबर 69 शाहबाद में जुनैद अली को सपा के अब्दुल कय्यूम खां, वार्ड नंबर 71 नई बस्ती में फिजा अली को कांग्रेस की मशहर जहां, वार्ड 73 बिधौलिया में सलीम खान को सपा के मोहम्मद गुलवशर, वार्ड 74 घेर शेख मिट्ठू में फजल काजमी को सपा के सलीम अहमद, वार्ड 75 एजाजनगर में अफरोज जहां को कांग्रेस की इशरत जहां, वार्ड 76 इंग्लिशगंज में शाहरुख खान को निर्दलीय मोहम्मद नासिर, वार्ड 78 सूफी टोला में शबीना बी कुरैशी को निर्दलीय जैनब परवीन और वार्ड नंबर 79 चक महमूद में खुर्शीदा बेगम को एआईएमआईएम की फकीरन बेगम ने हरा दिया।

नगर निगम में कुल 23 मुस्लिम पार्षदों में सपा के 12, कांग्रेस के तीन, एआईएमआईएम, लोक दल के एक-एक और छह निर्दलीय पार्षद चुने गए हैं। नतीजों से साफ है कि शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में सपा का दबदबा काफी हद तक कायम है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button