Shahjahanpur News: तीन नगर पंचायत में भाजपा और दो में कांग्रेस जीती

खुटार के नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष को प्रमाणपत्र देते आरओ। संवाद
शाहजहांपुर। नगर पंचायत के चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा। महापौर के चुनाव में कांग्रेस भले ही दूसरे स्थान पर रही, लेकिन उसने नगर पंचायतों में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। कांग्रेस को कांट और कटरा नगर पंचायत में जीत हासिल हुई है। वहीं भाजपा कलान, अल्हागंज और खुदागंज में जीती है। सपा के सिंबल पर कोई प्रत्याशी नहीं जीत सका है। हालांकि सपा समर्थित प्रत्याशी मनोज वर्मा ने निगोही से जीत हासिल की है। वहीं बंडा और खुटार में निर्दलीय प्रत्याशी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों पर भारी पड़े।
निर्दलीय मोहम्मद इसहाक बने बंडा के पहले चेयरमैन, भाजपा प्रत्याशी को हराया
पुवायां। बंडा नगर पंचायत के लिए यह पहला चुनाव था। यहां से भाजपा ने विश्व विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया था। टिक न मिलने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता विनय सिंह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए थे। यहां से निर्दलीय मोहम्मद इसहाक उर्फ बड़ेलल्ला को जीत मिली है। उनको 4916 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी विश्वविजय सिंह दूसरे स्थान पर रहे। उनको 4039 वोट मिले। इसके अलावा सपा के कुमार गौरव को 318, निर्दलीय अजय कुमार को 219, इस्लामुद्दीन को 31, कमलकांति को 41, फरजाना को 44, भूषणवीर सिंह को 181, मनोज सिंह को 100, मोहम्मद इसहाक की पत्नी साबरी को 34, विनय कुमार सिंह को 3563, विपिन कुमार को 39, सच्चिदानंद को 408 वोट मिले हैं। 26 लोगों ने नोटा को पसंद किया है।
खुटार में निर्दलीय मैना देवी पड़ीं सब पर भारी
खुटार। खुटार नगर पंचायत से अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी मैना देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सरला देवी को 924 मतों से हराया है। मैना देवी को 3430 वोट और सरला देवी को 2506 वोट मिले। इसके अलावा सपा प्रत्याशी मीना देवी को 284, शकुंतला देवी को 1896, सविता देवी को 93, मैना को 64, सीमा देवी को 65, प्रमिला देवी को 11, प्रियंका अंचल को 296, फूलमती को 115, विमला देवी को 303, सुनीता देवी को 185 वोट मिले हैं।
अल्हागंज में भाजपा की शिवानी वर्मा जीतीं
अल्हागंज। नगर पंचायत चेयरमैन की भाजपा प्रत्याशी शिवानी वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी राखी वर्मा को 226 मतों से हरा दिया। यहां पर रोचक मुकाबला हुआ लेकिन अंत में जीत भाजपा के हाथ लगी। राखी वर्मा के पति राजेश वर्मा निवर्तमान चेयरमैन थे लेकिन भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था। ओबीसी महिला के लिए आरक्षित सीट पर भाजपा ने पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता की बहू शिवानी वर्मा को प्रत्याशी बनाया था। भाजपा का टिकट न मिलने से नाराज राजेश वर्मा ने अपनी पत्नी राखी वर्मा को निर्दलीय मैदान में उतारा था। शिवानी वर्मा को 4521 वोट मिले जबकि राखी वर्मा 4246 मत पा सकीं। सपा प्रत्याशी स्नेहा गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं। संवाद
खुदागंज से पांचवीं बार अध्यक्ष बनीं सुधा सिंह
खुदागंज। आदर्श नगर पंचायत खुदागंज सीट पर लगातार पांचवीं बार भाजपा प्रत्याशी सुधा सिंह ने कब्जा जमाया। सुबह मतगणना प्रारंभ होने के बाद भाजपा प्रत्याशी ने अपनी बढ़त बनाना शुरू कर दिया था। सुधा सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी ताहिर अली को 1147 वोटों से हरा दिया। भाजपा प्रत्याशी सुधा सिंह को 4908 वोट मिले। सपा प्रत्याशी ताहिर अली 3761 वोट पा सके। यहां पर केवल दो प्रत्याशी ही मैदान में थे। सुधा सिंह के पति सुधीर सिंह पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं।
नवगठित कलान नगर पंचायत में भाजपा को मिली विजय
कलान। नवगठित कलान नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी हरिनारायण गुप्ता ने निर्दलीय प्रत्याशी अदिति सिंह को 1751 मतों से हरा दिया। अदिति सिंह पहले भाजपा से टिकट मांग रहीं थीं लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला था। इसके बाद वह निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर गईं। सपा के सुभाष गुप्ता 1619 वोट पा सके। यहां पर बसपा प्रत्याशी रामबहोरन गुप्ता को 633 वोट मिल सके। आप की प्रत्याशी तारा यादव ने 35 वोट पाए हैं।
निगोही में सपा समर्थित मनोज ने भाजपा प्रत्याशी को हराया
निगोही। सपा समर्थित और पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के पुत्र मनोज वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी राजीव वर्मा को 2148 मतों से पराजित कर दिया। वह निगोही नगर पंचायत सीट से पहले अध्यक्ष बने हैं। मनोज वर्मा निगोही ग्राम पंचायत से 2010 में प्रधान बने थे। 2015 में निगोही ब्लॉक प्रमुख चुने जाने पर मनोज वर्मा की पत्नी गीता वर्मा ने बाबू अली को हराया था। 2020 में भी बाबू अली को हराकर गीता वर्मा प्रधान बनीं थीं। इसके बाद निगोही को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया। पहले चुनाव में भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र वर्मा के बेटे राजीव को टिकट दिया था। वहीं सपा के समर्थन से मनोज वर्मा मैदान में थे। शनिवार को मतगणना में मनोज वर्मा को 6266 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी राजीव वर्मा 4218 वोट पा सके।
कांट में कांग्रेस प्रत्याशी ने सपा को हराया
कांट। कांट में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस व भाजपा सहित आठ प्रत्याशी मैदान में थे। शनिवार को मतगणना के प्रथम और दूसरे चक्र में भाजपा प्रत्याशी सपना शर्मा सबसे आगे चल रहीं थीं। तीसरे चक्र की हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी मुनारा बेगम ने बढ़त बना ली जो अंत तक कायम रही। बाद में सपा प्रत्याशी रीना बी दूसरे नंबर पर आ गईं। कांग्रेस प्रत्याशी मुनारा बेगम को 7126, सपा की रीना बी को 4240, भाजपा की सपना शर्मा को 4213 मत मिले। बसपा की मयजबी बेगम को 167, आम आदमी पार्टी की खालदा बेगम को 37, निर्दलीय प्रत्याशी अंजुम को 87, फरहीन को 83 और आसमा को छह मत मिले है। कांग्रेस प्रत्याशी मुनारा बेगम 2,886 मतों से जीतने में सफल रहीं। मुनारा के बेटे रईस मियां 2012 में चेयरमैन रह चुके हैं। वहीं सपा प्रत्याशी रीना के ससुर इदरीस खां कई बार चेयरमैन रह चुके हैं। इदरीस की पत्नी सुरैया बेगम 2017 में चेयरमैन बनीं थीं लेकिन बाद में उनका निधन हो गया था।
कटरा में कांग्रेस प्रत्याशी मुख्तियार जीते
शाहजहांपुर। कटरा नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी मुख्तियार अहमद ने निर्दलीय प्रत्याशी पूजा कसाना को 747 मतों से पराजित किया। यहां तीसरे नंबर पर भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता रहीं। कटरा नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी मुख्तयार अहमद को 3344 मत मिले। जबकि दूसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी पूजा कसाना को 2597 मत मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता तीसरे नंबर पर रहीं। उनको 2569 मत मिले। जबकि सपा प्रत्याशी का नामांकन पर्चा खारिज हो गया था। विजयी प्रत्याशी मुख्तियार अहमद को आरओ ने विजय प्रमाण पत्र दिया।

खुटार के नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष को प्रमाणपत्र देते आरओ। संवाद

खुटार के नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष को प्रमाणपत्र देते आरओ। संवाद

खुटार के नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष को प्रमाणपत्र देते आरओ। संवाद

खुटार के नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष को प्रमाणपत्र देते आरओ। संवाद

