Bareilly News: डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, बरेली के दो दोस्तों की मौत
डिडौली (अमरोहा)। दिल्ली हाईवे पर जोया में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार जियाउर्रहमान (45) और अब्दुल वहीद (47) की मौके पर मौत हो गई। दोनों दोस्त थे। इस हादसे में इनके छह साथी घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों दोस्त बरेली जनपद के भोजीपुरा थानाक्षेत्र के गांव दोहरा टांडा के रहने वाले थे। हादसे में घायल हुए कलीम, परवेज, अब्दुल जलील, अब्दुल कयूम, नासिर, वसीम भी उसी गांव के रहने वाले हैं। हरियाणा के सिरसा में स्थित चावल मिल में मजदूरी करने वाले इन सभी लोगों ने सोमवार की रात बरेली से अपना सफर शुरू किया था। रात में जोया से गुजरते समय इनकी कार डिवाइडर में जा घुसी। पुलिस का कहना है कि रफ्तार ज्यादा होने से चालक संतुलन खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायलों ने बताया कि चावल मिल में दिवाली की छुट्टी होने पर वे सभी अपने घर आए थे। अब छुट्टी के बाद मजदूरी के काम पर वापस जा रहे थे।
ओवरलोडिंग भी हो सकती है असंतुलन का कारण
एक कार में आठ लोगों के सवार होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारों का कहना है कि सवारियों के चालक से सटकर बैठने से स्टेयरिंग साधने में समस्या आती है। तेज रफ्तार के दौरान स्टेयरिंग न सधने से गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डिवाइडर से टकराने के बाद कार ने चार पलटियां खाईं। पुलिस का कहना है कि घायलों से पूछताछ कर इस लाइन पर भी जांच की जा रही है।


