Bareilly News: फाइनल मुकाबले पर लगा करोड़ों का सट्टा, भारत का पलड़ा भारी
बरेली। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच रविवार को होने वाले विश्व कप क्रिकेट के फाइनल मुकाबले को लेकर शहर में करोड़ों रुपये का सट्टा लग चुका है। एप पर आईडी देकर बड़े पैमाने पर सट्टा बुक किया जा रहा है। भारत का पलड़ा भारी है, इस लिहाज से भारत की जीत पर कम और आस्ट्रेलिया की जीत पर ज्यादा लाभ बताया जा रहा है। प्रति ओवर व बॉल पर भी सट्टा लगाने की तैयारी है।
फाइनल मुकाबले पर जिस तरह क्रिकेट प्रेमी अपनी निगाहें जमाए हुए हैं, उसी तरह सट्टेबाजों ने भी तैयारी की है। पहले इस तरह के मैचों का सट्टा फोन कॉल या इंटरनेट के जरिये लगता था। अब इनकी जगह एप ने ले ली है। फिलहाल 80 फीसदी सट्टा एप के जरिये ही हो रहा है। शहर में भी तमाम बुकी इसकी आईडी बांट रहे हैं।
शनिवार शाम तक शहर में फाइनल मैच में जीत का जो रेट चल रहा था, उसके मुताबिक भारत की जीत पर दस हजार रुपये लगाने वालों को 4,600 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं। हार की स्थिति में उनकी दस हजार की रकम भी चली जाएगी। वहीं चर्चा है कि आस्ट्रेलिया पर दांव लगाने वालों को 4,700 देने पर जीत के वक्त दस हजार रुपये मिल सकते हैं, अन्यथा उनकी जमा रकम डूबनी तय है। इस लिहाज से सट्टा बाजार में भारत की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। प्रति ओवर स्कोर, प्रति बॉल रन या फिर विकेट की स्थिति पर खेल के दौरान ही तगड़े दांव लगाए जाने की चर्चा है। टीमों की स्थिति के हिसाब से दांव की रकम घटती-बढ़ती रहेगी।
ऑनलाइन सट्टा लगाने के मामले की निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया सेल को ज्यादा सक्रिय रहकर काम करने का निर्देश दिया गया है। अगर इस तरह की स्थिति मिली तो रिपोर्ट लिखकर सट्टेबाजों को जेल भेजा जाएगा। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


