Rampur News: परिवार को बंधक बनाकर ढाई लाख की लूट
रामपुर। शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के करैथी गांव में सोमवार रात दीवार फांदकर घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर नकदी-जेवर समेत ढाई लाख लूट लिए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध बताते हुए तहरीर न मिलने की बात कह रही है। करैथी गांव निवासी राजेश कश्यप और धनीराम कश्यप अपनी मां के साथ एक ही घर में रहते हैं। दोनों भाई शादीशुदा हैं। छोटा भाई धनीराम अपनी पत्नी सोमवती के साथ अपनी ससुराल संभल गया हुुआ था। घर में राजेश, उसकी पत्नी और मां चंदा देवी थे। राजेश के अनुसार सोमवार रात करीब तीन बजे हथियारों से लैस बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और राजेश और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया।
बदमाशों ने राजेश की मां चंपा देवी पर तमंचा तान दिया। इसके बाद लूटपाट शुरू कर दी। राजेश के कमरे में संदूक व अलमारी के ताले तोड़कर सोने की नथ, टीका, कुंडल, चांदी का पैंडल लूट लिया। जबकि धनीराम के कमरे से पत्नी सोमवती का सोने का मंगलसूत्र, सोने की लड़, तीन अंगूठी, चांदी का गुच्छा, हाथ के फूल, खंडुआ, पाजेब और 11 हजार की नकदी समेत दोनों परिवारों से ढाल लाख की लूट को अंजाम दिया।
घटना के बाद राजेश ने डायल 112 नंबर पर फोन किया। साथ ही अपने भाई धनीराम को लूटपाट की सूचना दी। सुबह धनीराम गांव पहुंच गया तो दोनों भाइयों ने कोतवाली जाकर लूट की तहरीर दी। वहीं कोतवाल मानचंद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर खुद पहुंचकर मुआयना किया था। जांच के लिए मंगलवार देर शाम को हल्का दरोगा को फिर से भेजा गया था। लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
00000000000000
एक माह पहले चोरी हो गए थे सीसीटीवी कैमरे
शाहबाद। ऑपरेशन दृष्टि के तहत कोतवाली क्षेत्र के सभी गांवों के चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। करेथी गांव के चौराहे पर लगवाए गए कैमरे चोरी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक माह पहले सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए थे। बावजूद उसके पुलिस ने बड़ी लापरवाही बरती और अब तक यहां कैमरे नहीं लगवाए।
0000000000000000
पिछले साल लोधीपुर में बावरिया गैंग ने डाली थी डकैती
पिछले वर्ष 14 दिसंबर को कोतवाली शाहबाद क्षेत्र के लोधीपुर गांव में बावरिया गैंग ने डकैती डाली थी। मौके का मुआयना करने के लिए तत्कालीन डीआईजी शलभ माथुर पहुंचे थे। डकैती का पुलिस ने खुलासा किया था और कई बदमाश जेल भेजे थे। पुलिस ने उस दौरान बदमाशों को बावरिया गैंग का बताया था।