रामपुर

Rampur News: हेल्थ एटीएम से नहीं मिल रहा स्वास्थ्य धन

Connect News 24

रामपुर। सरकारी अस्पतालों में लगे हेल्थ एटीएम शोपीस बनकर रह गए हैं। कोई मशीन ऑपरेटर के अभाव में ताले में बंद है, तो कहीं सॉफ्टवेयर खराब हाेने से बंद पड़ी है। इससे मरीजों को जांच कराने के लिए भटकना पड़ रहा है।

सरकारी अस्पतालों में जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल सहित सभी जिले की सभी सीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगाए गए हैं। इनको विधायक निधि से लगवाया गया है। जिला अस्पताल में लगे हेल्थ एटीएम का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया था। इन मशीनों से तमाम प्रकार की जांच मिनटों में होने की सुविधा है, लेकिन कर्मचारियों का अभाव और जिम्मेदारों की अनदेखी की वजह से एटीएम काम नहीं कर रहे हैं।

जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम इमरजेंसी के पास एक कमरे में लगा है, लेकिन यह मशीन एक माह से बंद पड़ी हुई है। इस वजह से अधिकतर समय इस कमरे पर ताला लगा रहता है। कर्मचारी बताते हैं कि मशीन एक माह से खराब है। इसलिए मैनुअल रूप से शुगर व बीपी की जांच की जा रही है।

सीएचसी पर भी खराब है मोबाइल हेल्थ एटीएम

शाहबाद, स्वार, टांडा, बिलासपुर और मिलक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मोबाइल हेल्थ एटीएम लगाए गए थे। जिन पर मरीजों की सामान्य बीपी, शुगर, खून आदि की जांच की जा सकती है। मगर ये मशीनें भी बंद पड़ी हुई हैं। जांच के लिए स्ट्रिप न होने के कारण यहां मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है।

कई प्रकार की होती हैं जांच

जिला अस्पताल में लगे हेल्थ एटीएम से शुगर, बीपी, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, वजन, हेपेटाइटिस सहित कई प्रकार की जांच कुछ ही मिनट में की जा सकती है। वहीं सीएचसी पर मोबाइल हेल्थ एटीएम से खून की जांचें स्ट्रिप से की जाती है।

बयान

हेल्थ एटीएम सभी स्थानों पर चालू हैं। तकनीकी समस्या की वजह से यदि कहीं नहीं चल पा रहे हैं तो उनका दिखवाया जाएगा।

डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ।

सॉफ्टवेयर में दिक्कत आने की वजह से हेल्थ एटीएम बंद हो गया था। इसके लिए शासन को अवगत करा दिया है। जल्द ही हेल्थ एटीएम ठीक करा दिया जाएगा।

डॉ. एचके मित्रा, सीएमएस, जिला अस्पताल


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button