रूट डायवर्जन : किराये और दूरी के साथ बढ़ी परेशानी
रामपुर। अमरोहा में चल रहे तिगरी गंगा मेले के चलते दिल्ली जाने वाली रोडवेब बसें और भारी वाहन अब बदले रूट से गुजर रहे हैं। शाहबाद, बिलारी रूट से दिल्ली जाने के चलते अब रामपुर से दिल्ली की दूरी 53 किमी. बढ़ गई है। दूरी बढ़ने से रोडवेज बसों का किराया भी बढ़ गया है। इससे लोग परेशान हैं। यह डायवर्जन 29 नवंबर की रात 12 बजे तक लागू रहेगा। तिगरी मेले में भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इसके चलते कार व अन्य आवश्यक वस्तुओं के वाहन तो हाईवे पर चल रहे हैं, लेकिन रोडवेज बसें और ट्रक व अन्य भारी वाहन शाहबाद से बिलारी, चंदौसी होकर दिल्ली भेजे जा रहे हैं। रामपुर से दिल्ली की दूरी 198 किलोमीटर है, लेकिन रूट डायवर्जन की वजह से दिल्ली की दूरी 53 किमी. बढ़कर 251 किमी. हो गई है। सीधे रूट से रामपुर से दिल्ली का किराया 339 रुपये पड़ता है, जबकि रूट डायवर्जन की वजह से किराया 379 रुपये हो गया है। हालांकि, रामपुर से दिल्ली को छोड़ दें तो मुरादाबाद और अन्य जगह जाने वाली बसें सामान्य रूट से ही गुजर रही हैं। रूट डायवर्जन 29 नवंबर की रात 12 बजे तक रहेगा।
इन रास्तों से गुजर रहे भारी वाहन
-बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और भारी वाहन आंवला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला से डिबाई-नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजे जा रहे हैं।- रामपुर से दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें और भारी वाहन को शाहबाद से बिलारी, चंदौसी, बबराला से डिबाई-नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली जा रहे हैं।