Pilibhit Road Accident: सड़क हादसे में बेटी-बेटा और मां की मौत, लड़के का मुंडन कराकर लौट रही थी महिला

सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
न्यूरिया थाना क्षेत्र में जोशी कॉलोनी के पास ओवरलोड गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार महिला उसकी बेटी और बेटे की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। महिला अपने तीन वर्षीय बेटे का मुंडन कराकर मायके जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, गजरौला थाना क्षेत्र के नकटिया गांव निवासी हरीश पत्नी पूनम (32) व आठ वर्षीय बेटी अनामिका और तीन वर्षीय बेटा साजन और अन्य परिजन के साथ सुबह बेटे का मुंडन कराने पूर्णागिरी गए थे। शाम को पूरा परिवार लौट रहा था। पूनम को बच्चों के साथ न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर में अपने मायके जाना था। मझोला में वह दोनों बच्चों अनामिका व साजन को लेकर बस से उतर गई। जबकि पति हरीश व परिवार के अन्य लोग अपने गांव की तरफ चले गए।
पूनम टोडरपुर गांव के परिचित रामू की बाइक पर बच्चों के साथ बैठकर गांव की तरफ चल दी। न्यूरिया क्षेत्र की रानी कॉलोनी के पास से गुजरते समय गन्ने से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान रामू सड़क की दूसरी तरफ गिरा जबकि पूनम, अनामिका और साजन सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बेटी अनामिका के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर न्यूरिया थाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक रामू गंभीर रूप से घायल है। सीओ सदर डॉ. प्रतीक दहिया ने बताया दुर्घटना करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश की जा रही है।

