Budaun News: ट्रेन से कटकर वृद्धा की मौत, आत्महत्या करने की चर्चा

आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में आसफपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन से कटकर 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पति इसे हादसा बता रहा है, जबकि गांव में चर्चा है कि सुबह महिला का बेटे से विवाद हो गया था। इससे क्षुब्ध होकर उन्होंने ट्रेन से कटकर जान दे दी।
थाना क्षेत्र के गांव डरेला निवासी अंगूरी देवी पत्नी रामेश्वर बेहद गरीब परिवार से थीं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उनकी आसफपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उधर से गुजर रहे लोगों ने उनका शव रेलवे लाइन पर पड़ा देखा तो उनके परिजनों और थाना पुलिस को सूचना दी। परिवार वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। रामेश्वर ने बताया कि अंगूरी देवी घर वालों को बिना कुछ बताए निकल आईं थीं। परिवार वाले उन्हें तलाश कर रहे थे। किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है।
इधर, गांव में चर्चा है कि शनिवार सुबह महिला का बेटे से विवाद हो गया था। इससे वह नाराज होकर घर से चली गईं और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत की सही वजह सामने आएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



