रामपुर

Rampur News: लाटरी का झांसा देकर व्यापारी से 13 लाख रुपये की ठगी

Connect News 24

रामपुर। लाटरी का झांसा देकर एक व्यक्ति से 13 लाख रुपये ठग लिए। मामला साइबर थाने पहुंचा तो साइबर थाने की पुलिस ने छह लाख रुपये वापस कराए। पुलिस बाकी रकम वापस कराने में जुटी हुई है।शहर के व्यापारी असगर ने एसपी को पिछले माह एक शिकायती पत्र दिया था, जिसमें उसने कहा था कि लाटरी का झांसा देकर उससे 13 लाख रुपये की ठगी की गई है। एसपी के आदेश के बाद साइबर थाने के पास यह मामला पहुंचा। साइबर थानाध्यक्ष संजय कुमार व उनकी टीम ने सर्विलांस की मदद से छह लाख रुपये वापस करा दिए।

शेष धनराशि को वापस कराने हेतु नव गठित साइबर क्राइम टीम को एसपी ने निर्देश दिए हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया पीड़ित के खाते में धनराशि वापस कराई गई है। एसपी ने साइबर क्राइम टीम की सफलता पर टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

फोन कॉल के जरिये लाटरी का दिया था झांसा

साइबर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित असगर के पास एक कॉल आई थी, जिसमें आरोपी ने ऑनलाइन लाटरी के जरिये रकम दोगुना होने का झांसा दिया था। इसके बाद पीड़ित फोन करने वाले की बातों में आ गया और उसने कई बार में 13 लाख रुपये ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिनों बाद आरोपी का फोन बंद आने लगा और उसे कोई रकम नहीं मिली तब उसने शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पीड़ित के खाते में छह लाख रुपये वापस करा दिए गए। बाकी रकम वापस कराने का प्रयास भी किया जा रहा है।

साइबर क्राइम से निपटने को पुलिस तैयार

एसपी राजेश द्विवेदी ने कहा कि साइबर क्राइम से निपटने के लिए रामपुर पुलिस अब पूरी तरह तैयार हो गई है। जिले में साइबर थाना खुल चुका है। साइबर क्राइम के प्रति लोग जागरूक रहें। ठगी होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button