बरेली

Bareilly News: आरके गोला और जितेंद्र पर चार्जशीट, बेखौफ घूम रहे गुर्गे

Connect News 24

बरेली। निवेशकों सुनहरे ख्वाब दिखाकर करोड़ों रुपये हड़पने वाली आईसीएल कंपनी के मालिक आरके गोला और उसके साथी जितेंद्र गुप्ता पर चार्जशीट लगाकर प्रेमनगर पुलिस इत्मीनान से बैठ गई है। नामजद अन्य गुर्गे खुलेआम घूम रहे हैं। उनको पकड़ने में पुलिस ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। आरके गोला व जितेंद्र पर भी कार्रवाई इसलिए हो सकी, क्योंकि धोखे के शिकार निवेशकों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। प्रेमनगर थाने में ही इन आरोपियों के खिलाफ सात अन्य मामले भी दर्ज हैं। फाइलाें पर धूल की परत जम रही है।

आरके गोला और उसके भाई एके गोला ने गुर्गों के साथ मिलकर अपनी कंपनी में सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया, फिर उसे हड़प लिया। पीड़ित निवेशकों ने आईसीएल ग्रुप (इमेज कॅरिअर लिमिटेड) के मालिक आरके गोला के खिलाफ वर्ष 2022 में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस साल मई में निवेशकों ने आरके गोला और जितेंद्र गुप्ता की पिटाई कर प्रेमनगर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने उनको जेल भेज दिया था।

इसके बाद निवेशकों ने आरके गोला, एके गोला और आईसीएल के अन्य अधिकारियों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज कराए थे। प्रेमनगर पुलिस ने आरके गोला और जितेंद्र के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। बाकी आरोपियों के खिलाफ विवेचना सुस्त चल रही है। सात माह बाद भी एके गोला व अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि आठ मुकदमों की विवेचना अलग-अलग दरोगा कर रहे हैं। गोला बंधुओं को बचाने की तैयारी की जा रही है।

मिल रहा राजनीतिक संरक्षण

आरके गोला और एके गोला के सत्ताधारी नेताओं से अच्छे संबंध हैं। उन पर एक केंद्रीय मंत्री और एक विधायक का संरक्षण बताया जा रहा है। उनके साथ दोनों भाइयों के फोटो व वीडियो भी सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं। नेताओं से नजदीकी और थाने-चौकियों तक दुआ-सलाम की वजह से पुलिस ने कभी गोला के घर दबिश तक नहीं दी।

कंपनी की संपत्तियों पर ले रखा है कर्ज

दोनों भाइयों ने आईसीएल के नाम से कई जिलों में संंपत्ति खरीद रखी है, लेकिन उनमें से अधिकतर संपत्तियों पर बैंक से लोन भी ले रखे हैं। इससे संपत्तियों को जब्त भी नहीं किया जा सकता। हालांकि, लोन जमा नहीं होने के कारण कई संपत्तियों को सीज करने के लिए बैंक ने दोनों भाइयों को नोटिस जारी किए थे। लोगों को उम्मीद थी कि दोनों भाइयों की संपत्ति नीलाम कर उनके रुपये लौटाए जाएंगे, पर पुलिस की ढीली तफ्तीश की वजह से अब तक ऐसा नहीं हो सका है। दो लाख रुपये गंवाए बैठी गुड्डी देवी ने बताया कि उन्हें नहीं लगता कि उनकी मूल रकम भी कभी मिल पाएगी।

आईसीएल ग्रुप के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों में तफ्तीश चल रही है। इसे तेज कराया जाएगा। आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने के साथ ही प्रशासन के सहयोग से संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button