Pilibhit News: खड़ी फसल को ट्रैक्टर चलाकर किया गया नष्ट, रिपोर्ट दर्ज
गालियां देते हुए युवक को दी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया। दबंग ने किसान की खड़ी फसल को ट्रैक्टर चलाकर बर्बाद कर दिया। अगले दिन दिव्यांग किसान खेत को सही कर रहा था तो दबंग ने परिवार के साथ मारपीट की।
थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव हासिमपुर निवासी श्यामाचरन ने बताया कि वह दिव्यांग है। उसके पिता दुर्गाप्रसाद ने थाना अमरिया क्षेत्र के गांव महेशपुर में गाटा संख्या 408 व 410 को खरीदा था। इस जमीन पर 14 अक्तूबर को लाही की फसल बोई। न्यूरिया क्षेत्र के गांव धनकुना निवासी रमेश चंद्र, उसकी पत्नी और बेटा सोनू व राजू ने उसकी खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चला दिया।
घटना की जानकारी लगने के बाद वह 11 नवंबर को अपने खेत पर पहुंचा और मेड़ को सही करने लगा। इसी दौरान उक्त लोग दोबारा वहां पर आ गए और गालियां दीं। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे उसको गंभीर चोटें आईं। श्यामाचरन का कहना है उक्त लोग उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

