Budaun News: खामियां मिलने पर दो स्कूलों के प्रधानाध्यापक का वेतन रोका
बदायूं। बीएसए ने शुक्रवार को ब्लॉक जगत के विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय मझिया व सोबरनपुर में तमाम खमियां मिलीं। इस पर दोनों के प्रधानाध्यापक का वेतन रोक दिया गया है।
बीएसए स्वाती भारती ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय मझिया का निरीक्षण किया। यहां पंजीकृत 253 बच्चों में से 135 ही मिले। विद्यालय में सफाई व्यवस्था खराब मिली। मल्टीपल हैंडवॉश की टोंटी टूटी हुई थी। शौचालय में पानी की आपूर्ति नहीं थी। बच्चों की शिक्षा का स्तर भी न्यून था। इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक नमिता राठौर के वेतन पर अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक लगा दी।
प्राथमिक विद्यालय सोबरनपुर में भी प्राथमिक विद्यालय मझिया जैसी ही स्थिति थी। इस पर बीएसए ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक कुसुमलता के वेतन भुगतान पर भी रोक लगा दी। साथ ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया। मझिया के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 244 के सापेक्ष मात्र 147 बच्चे उपस्थित मिले। इस पर नाराजगी व्यक्त की।


