Rampur News: युवती ने शादी में एक रिश्तेदार पर लगाया छेड़खानी करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Mon, 11 Dec 2023 01:08 AM IST
बिलासपुर। बारात में आई एक युवती ने अपने एक रिश्तेदार पर छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर निवासी एक युवती रविवार की दोपहर अपने परिजनों के साथ स्थानीय कोतवाली पहुंची। युवती ने पुलिस से शिकायत की कि वह चार दिसंबर को नगर स्थित एक बरात घर में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आई थी। बारात में ही कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी उनका एक रिश्तेदार भी आया हुआ था। आरोप है की कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी उसके एक रिश्तेदार ने उसके साथ बारातघर में छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी पक्ष को भी कोतवाली बुला लिया। जहां पुलिस ने आरोपी पक्ष से भी बात की तो उन्होंने छेड़खानी जैसे आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया। जबकि, युवती घटना की रिपोर्ट दर्ज करनी की मांग पर अड़ गई। पुलिस ने युवती को आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कर शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इसके बाद पुलिस युवती व उसके परिजनों को लेकर बारात घर भी पहुंची, जहां पुलिस ने सीसीटीवी कैमराें के फुटेज भी चेक करने की बात कही। वहीं, कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के मध्य आपसी समझौता कराने के प्रयास भी किए, मगर आपसी समझौता नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।



