Budaun News: सीएफओ रामराज यादव उन्नाव ट्रेनिंग सेंटर से संबद्ध
बदायूं। सीएफओ रामराज यादव को अग्निशमन के उन्नाव ट्रेनिंग सेंटर से संबद्ध कर दिया गया है। मंगलवार को उन्हें जिले से रिलीव भी कर दिया गया। दिवाली पर अग्निशमन कार्यालय में पटाखों के लाइसेंस देने के दौरान अवैध उगाही का मामला सामने आया था। माना जा रहा है कि उन्हें इसी मामले में हटाया गया है।
सीएफओ रामराज यादव की लगातार शिकायतें पहुंच रहीं थीं। पिछले दिनों शहर के कई डॉक्टरों और होटल मालिकों ने उनकी डीएम-एसएसपी से शिकायत की थी। हालांकि इस मामले में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। दिवाली से पहले पटाखों के लाइसेंस देने के मामले में जमकर अवैध उगाही की शिकायतें आईं थीं।
तमाम लोगों ने अग्निशमन कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया था। इसकी शिकायत पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव को मौके पर भेजा था। तब उन्होंने मौके पर पहुंचकर तमाम लोगों से जानकारी जुटाई और मामले की छानबीन की। उन्होंने कई लोगों के बयान भी दर्ज किए थे। इसके बाद मामले की पूरी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी थी। फिर एसएसपी ने शासन को रिपोर्ट भेज दिया।
इसको लेकर सीएफओ रामराज यादव को अग्निशमन के उन्नाव ट्रेनिंग सेंटर अटैच कर दिया गया। एसएसपी ने मंगलवार को उन्हें यहां से रिलीव भी कर दिया। एसएसपी ने बताया कि सीएफओ को उन्नाव ट्रेनिंग सेंटर अटैच कर दिया गया है। उन्हें यहां से हटाने की वजह साफ नहीं हुई है। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि एसएसपी की रिपोर्ट के बाद यह एक्शन लिया गया है।


